Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

प्रदर्शन के दौरान एक किसान की मौत:दिल्ली-सिंघु बॉर्डर पर एक किसान की दिल का दौरा पड़ने से गई जान; आज किसानों ने भारत बंद बुलाया है

नई दिल्ली

तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच किसानों ने आज भारत बंद बुलाया है। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली-सिंघु बॉर्डर पर एक किसान की मौत हो गई है। पुलिस का कहना है कि दिल का दौरा पड़ने से उसकी जान गई है। मृतक किसान की पहचान भगेल राम के तौर पर हुई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद इसे लेकर ज्यादा जानकारी दी जा सकेगी।

भारत बंद की वजह से कई नेशनल और स्टेट हाईवे ब्लॉक कर दिए गए हैं। कई रूट डायवर्ट करने पड़े हैं। ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित है। दिल्ली से जाने वाले कई ट्रेनें रद्द की गई हैं। प्रदर्शनकारी किसानों की योजना सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक चक्का जाम रखने और विरोध प्रदर्शन करने की है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में इस बंद का ज्यादा असर दिखाई दे रहा है।

कांग्रेस, RJD, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी और लेफ्ट पार्टियों ने भारत बंद का समर्थन किया है। अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (AIBOC) से भी भारत बंद को समर्थन मिला है। वहीं, सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे आंदोलन छोड़कर बातचीत का रास्ता अपनाएं। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सरकार किसानों की आपत्तियों पर विचार करने के लिए तैयार है।

पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़कर किसानों का नोएडा प्राधिकरण की तरफ कूच
आज किसान नोएडा प्राधिकरण के पास अपनी मांगों को लेकर भारी संख्या में इकट्ठा हुए और पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़कर किसानों ने नोएडा प्राधिकरण की तरफ कूच किया।

किसान नेता धवले का दावा- 25 से ज्यादा राज्यों में बंद कामयाब हुआ
अखिल भारतीय किसान सभा के अध्यक्ष अशोक धवले ने कहा कि भारत बंद को पिछले कई सालों में इतना समर्थन कभी नहीं मिला था। 25 से ज्यादा राज्यों में बंद कामयाब हुआ है। जब तक किसान विरोधी कानून वापस नहीं लिए जाते और MSP की गारंटी देने वाला केंद्रीय कानून न हो, हम तब तक संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।

बंद के दौरान पंजाब के रोपड़ में सोमवार को प्रदर्शनकारी किसानों ने कुछ इस तरह से सड़क पार आवाजाही रोकी।

बंद के दौरान पंजाब के रोपड़ में सोमवार को प्रदर्शनकारी किसानों ने कुछ इस तरह से सड़क पार आवाजाही रोकी।

राहुल गांधी बोले- किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करके कहा कि किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड है। लेकिन शोषण-कार सरकार को ये नहीं पसंद है। इसलिए आज भारत बंद है। वहीं, कांग्रेस नेता जयवीर शेरगिल ने कहा कि आज 1 साल हो गया है, जब तीन काले कानूनों के द्वारा देश की किसानी और किसान पर काले बादल ला दिए गए थे। आज हर भारतवासी को भाजपा का जो लक्ष्य है… किसान और किसानी खत्म उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए, भारत बंद का समर्थन करके।

गुरुग्राम-दिल्ली सीमा पर भारी ट्रैफिक जाम देखा गया। दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान भारत बंद के मद्देनजर लोगों की जांच-पड़ताल भी कर रहे हैं।

गुरुग्राम-दिल्ली सीमा पर भारी ट्रैफिक जाम देखा गया। दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान भारत बंद के मद्देनजर लोगों की जांच-पड़ताल भी कर रहे हैं।

किसानों ने कांग्रेस नेता को धरनास्थल से उठाया
कांग्रेस नेता और DPCC अध्यक्ष अनिल चौधरी सोमवार को प्रदर्शनकारी किसानों के समर्थन में गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने भारत बंद को गैर राजनीतिक प्रदर्शन बताया और उन्हें धरनास्थल से उठने को कहा।

नकवी बोले- हंगामा करने वाले किसानों का नुकसान कर रहे
भारत बंद पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों से हमेशा बातचीत का रास्ता अपनाया है। MSP बढ़ रही है। मंडियां भी फल-फूल रही हैं। जितनी भी आशंकाएं और अफवाहें थीं, उनका समाधान हो गया है। जो लोग हंगामा कर रहे हैं, वे किसानों का नुकसान कर रहे हैं।

भारतीय किसान यूनियन उग्राहां के सदस्यों ने पटियाला के पास ढाबलान गांव में किसानों की भारत बंद हड़ताल के दौरान रेलवे ट्रैक को ब्लॉक कर दिया।

भारतीय किसान यूनियन उग्राहां के सदस्यों ने पटियाला के पास ढाबलान गांव में किसानों की भारत बंद हड़ताल के दौरान रेलवे ट्रैक को ब्लॉक कर दिया।

राउत ने कहा- हम मन से किसानों के साथ
शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि किसान 1 साल से आंदोलन कर रहे हैं। यह किसानों का बंद है। देश की जनता पूरी भावनाओं के साथ किसानों के साथ है। उद्योग तो वैसे ही बंद है। बेरोजगारी के कारण लोग वैसे ही घरों में बैठे हैं तो बंद तो चल रहा है। इसलिए किसानों ने भी बंद का ऐलान किया। हम मन से उनके साथ हैं।

यह फोटो सिंघु बॉर्डर की है। यहां भारी संख्या में प्रदर्शनकारी किसान इकट्ठा हुए हैं।

यह फोटो सिंघु बॉर्डर की है। यहां भारी संख्या में प्रदर्शनकारी किसान इकट्ठा हुए हैं।

केजरीवाल बोले- भारत में भी किसानों की नहीं सुनी जाएगी तो…
भारत बंद पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, “ये दुख की बात है कि उनके(शहीद भगत सिंह) जन्मदिवस पर किसानों को भारत बंद का आह्वान करना पड़ रहा है। अगर आजाद भारत में भी किसानों की नहीं सुनी जाएगी तो फिर कहां सुनी जाएगी? मैं केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि जल्द से जल्द उनकी मांगे मानें।”

UP में किसानों ने चक्का जाम किया
कृषि कानूनों के विरोध में UP, हरियाणा, पंजाब और दूसरे राज्यों के किसान 10 महीने से धरना दे रहे हैं। कई जगहों पर व्यापारी वर्ग, वकीलों और छात्र भी किसानों के भारत बंद का समर्थन कर रहे हैं। वेस्ट यूपी के 27 जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आज अगर आप हाईवे पर निकलने की तैयारी में हैं, तो जरा संभलकर निकलें। सभी मुख्य मार्गों और हाईवे पर किसानों ने चक्का जाम किया है।

बिहार में वैशाली और आरा में सड़क पर उतरे RJD कार्यकर्ता
बिहार में लेफ्ट के साथ-साथ महागठबंधन की पार्टियां राजद और कांग्रेस भी भारत बंद को समर्थन दे रही हैं। इसमें बिहार से जुड़े सवालों को भी महागठबंधन ने जोड़ा है। जैसे कि रोजगार के वादे का सवाल, योजनाओं में घोटाले का सवाल, जाति जनगणना का सवाल आदि। आज सुबह से ही राजद, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों के कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए हैं। आंदोलनकारी यातायात को बाधित कर रहे हैं।

पंजाब में भारत बंद का बड़े पैमाने पर असर
पंजाब के लुधियाना में लाडोवाल टोल प्लाजा और MBD मॉल फिरोजपुर रोड पर किसान लगातार धरना दे रहे हैं। सोमवार को इन मार्गों को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रखा जाएगा। स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी बंद हैं। एग्जाम ऑनलाइन होंगे और टीचर वर्क फ्राम होम करेंगे। कई स्कूलों ने परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। किसानों के समर्थन में टैक्सी सेवा भी बंद हैं। बस स्टैंड बंद है और पेट्रोल पंप भी बंद हैं।

जयपुर में भारत बंद के समर्थन में रैली
राजस्थान में कांग्रेस ने आज के भारत बंद को अपना समर्थन दिया है। राजस्थान PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि आज भारत बंद को कांग्रेस पूरा समर्थन करती है। राजस्थान में संयुक्त किसान-मजदूर जन मोर्चा ने बंद की घोषणा करते हुए सभी व्यापारियों, व्यापारिक संगठनों और आम जनता से बंद को सफल बनाने की अपील की है। जयपुर में गवर्नमेंट हॉस्टल पर शहीद स्मारक से किसानों, मजदूरों, छात्रों, युवाओं और महिला सामाजिक संगठनों रैली निकाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *