नई दिल्ली
गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच आईपीएल 2022 का 43वां मुकाबला मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में गुजरात ने यश दयाल की जगह टीम में प्रदीप सांगवान को जगह दी है। सांगवान 3 साल बाद आईपीएल में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने इस रंगारंग लीग में अपना आखिरी मुकाबला 2018 में खेला था। इसके अलावा गुजरात ने अभिनव मनोहर की जगह साईं सुदर्शन को जगह दी है। वहीं नजर आरसीबी की प्लेइंग इलेवन पर डालें तो उन्होंने पहली बार महिपाल लोमरोर को मौका दिया है। आरसीबी ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी है।
2008 में प्रदीप सांगवान ने किया था डेब्यू
दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) की ओर से प्रदीप सांगवा ने आईपीएल में डेब्यू किया था। पहले सीजन इस खिलाड़ी ने 7 मैचों में मात्र 5 विकेट लिए थे, मगर इस खिलाड़ी के लिए दूसरा सीजन लाजवाब रहा था। आईपीएल 2009 में प्रदीप सांगवान ने 13 मैचों में 15 विकेट चटकाए थे। इस रंगारंग लीग में सांगवान ने 39 ही मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 35 शिकार किए।
दिल्ली ने 2008 में कोहली से ऊपर सांगवान को चुना था
आईपीएल 2008 से कुछ महीने पहले भारत ने अंडर 19 वर्ल्ड कप जीता था। पहले सीजन के लिए अंडर 19 के खिलाड़ियों को टीमों ने ड्रॉफ्ट के जरिए चुना था। इस दौरान सबसे पहला मौका दिल्ली को मिला था और उन्होंने विराट कोहली से ऊपर प्रदीप सांगवान को चुना था। वहीं दूसरा नंबर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का था और उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के विराट कोहली को अपने खेमे में शामिल किया। बाकी इतिहास है।