जयपुर
जयपुर में डमी टाइमर बम भेजकर फिरौती मांगने वाला व्यक्ति कोई और नहीं बल्कि व्यापारी के शोरूम पर काम करने वाला नौकर ही था। रविवार को पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया है। डमी बम भेजकर व्यापारी से 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी। मामले में पुलिस ने व्यापारी के नौकर और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने मिलकर केक के बॉक्स में डमी बम भेजा था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि कर्जा उतारने के लिए नौकर ने फिरौती मांगने की योजना बनाई थी।
डीसीपी ईस्ट प्रहलाद कृष्णियां ने बताया कि अनीस अहमद (40), सुभाष और सुहालिया (19) को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि अनीस अहमद व्यापारी विभू गुप्ता के पास ही काम करता था। व्यापारी विभू ने दो दिन पहले टाइमर बम भेजकर 10 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से एक-एक रिक्शा ड्राइवर पप्पू को हिरासत में ले लिया था। रिक्शा ड्राइवर से हुई पूछताछ में सामने आया था कि एक महिला ने उसे बॉक्स दिया था। उसी आधार पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने मिलकर इसकी प्लानिंग की थी।