हनुमानगढ़। खरीफ फसल के मुआवजा वितरण में हुए घोटाले के संबंध में शुक्रवार को तहसील नोहर के गांव ढण्ढेला के किसानों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि उन्होंने 2020 की खरीफ की फसल मूंग, मोठ, ग्वार का फसली बीमा बैंक व सीएससी ईमित्रा के माध्यम से करवाया था।
फसल खरीफ 2020 की गिरदावरी देवीलाल राजस्व पटवारी की ओर से स्वयं व अपने एजेन्ट मदनलाल पुत्र रामकुमार नंदीवाल व भागीरथ पुत्र धन्नाराम मेघवाल निवासी ढण्ढेला के माध्यम से की गई किन्तु इन लोगों ने बीमा इंचार्ज तिलोकचन्द से मिलकर पूरे गांव में मात्र 63 व्यक्तियों को ही बीमा का लाभ दिलाया। शेष किसानों को बीमा लाभ से वंचित कर दिया। जिन 63 किसानों को बीमा लाभ दिया गया है उनकी पटवारी हल्का ने गिरदावरी फर्जी तौर पर करते हुए उनके खेतों में मूंगफली की फसल गिरदावरी में दिखाई है जबकि इन खेतों में डिग्गी ट्यूबवेल नहीं लगे हैं तथा नहरी मूंगफली की फसल यहां 2020 में किसी भी किसान ने काश्त नहीं की है। जिनको बीमा का लाभ मिला है उसके भी मूंगफली की फसल काश्त नहीं की हुई है और न ही कोई किसान मूंगफली की फसल बोता है।
इसके अलावा जिन लोगों का बीमा आया है वह उनकी कृषि भूमि से अधिक का आया है जबकि उन लोगों के नाम से राजस्व रिकार्ड में भूमि कम है। इन लोगों ने अपराधिक षड्यंत्र रचकर फर्जी दस्तावेज, झूठे स्टाम्प पेपर लेकर व अन्य दस्तावेज की रचना फर्जी तौर पर कर हिस्से पाती व अन्य तरीके से फसल काश्त करना दिखाया है।
इस प्रकार इन चारों लोगों ने अन्य किसानों को फसल बीमा से जानबूझकर वंचित किया है और अपने चहते लोगों को अपने पद का दुरूपयोग कर फर्जी दस्तावेज की रचना कर अनुचित रूप से बीमा का लाभ पहुंचाया है। इसको लेकर पूरे गांव में आक्रोश उत्पन्न है। चारों जने किसानों के साथ धोखा कर अवैध रूप से घपला कर मुआवजा राशि के संबंध में फर्जकारी करते आ रहे हैं।
किसानों ने बताया कि खरीफ फसल 2019-20 में ग्राम ढण्ढेला व टोपरियां गांवों में ज्यादातर किसान ग्वार, बाजरा, मूंग आदि की बिजाई करते हैं। बिजाई के बाद बरसात नहीं होने से फसल खराब हो गई। उसका बीमा टोपरियां-ढण्ढेला में नहीं आया। चारों तरफ के पड़ोसी गांव भगवान, देईदास, ढाणी लाल खां, श्योदानपुरा, खिनानिया सहित अन्य जो चक इन्दिरा गांधी नहर से सिचित हैं उनका आया है।
उक्त चारों की सांठगांठ के कारण ग्राम ढण्ढेला के किसानों को बीमा नहीं मिला।
किसानों ने खरीफ फसल 2019-2020 की बीमा राशि दिलवाकर दोषियों के खिलाफ विभागीय जांच करवाकर सख्त कार्यवाही करने की मांग की।