Friday, May 1निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सुविधा की बजाय दुविधा बना नाला निर्माण कार्य

हनुमानगढ़। जंक्शन में राजीव चौक से लेकर ओवरब्रिज तक चल रहा नाला निर्माण का कार्य दुकानदारों के लिए सुविधा की बजाय दुविधा बनता नजर आ रहा है। नाला निर्माण कार्य के चलते पानी की पाइप लाइनें काटने से बस स्टैंड के अंदर व बाहर के दुकानदारों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। इस समस्या की तरफ ध्यान न देने से नाराज दुकानदारों में नगर परिषद अधिकारियों के खिलाफ रोष है। शुक्रवार को बस स्टैंड के दुकानदारों ने निर्माण कार्यस्थल पर एकत्रित होकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द से जल्द पानी सप्लाई की व्यवस्था सुचारू करने की मांग की।
इस दौरान बस स्टैंड के दुकानदारों का कहना था कि करीब एक माह से नाला निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते पाइप लाइन काटने से बस स्टैंड के अंदर पानी की सप्लाई बाधित हो गई है। इस कारण बस स्टैंड के दुकानदारों को भीषण गर्मी में पानी के बिना परेशान होना पड़ रहा है। उन्हें इधर-उधर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। अब बारिश के चलते करीब 15 दिन से नाला निर्माण कार्य बंद पड़ा है। बस स्टैंड में आने वाले यात्रियों को भी पानी के बिना परेशान होना पड़ रहा है। लेकिन नगर परिषद अधिकारी इस समस्या के समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहे। लिखित में अवगत करवाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही। करीब 15 दिनों से वे पानी की किल्लत झेल रहे हैं।
उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों से जल्द से जल्द नाला निर्माण कार्य पूर्ण करवा पानी सप्लाई की व्यवस्था सुचारू करने की मांग की।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बस स्टैंड के बाहर के दुकानदारों व मकान मालिकों ने नगर परिषद ठेकेदार पर पानी के कनेक्शन काटने का आरोप लगाते हुए मौके पर पहुंचे नगर परिषद के एक्सईएन के समक्ष विरोध दर्ज करवाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *