चंडीगढ़
किसानों और मजदूरों ने कर्ज माफी की मांग को लेकर सोमवार सुबह अमृतसर-दिल्ली रेल ट्रैक पर देवीदासपुरा स्टेशन पर जाम लगा दिया। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के प्रदेश प्रधान सतनाम सिंह पन्नू और महासचिव स्वर्ण सिंह पंधेर के नेतृत्व में किसानों ने अगला एलान होने तक मोर्चा जारी रखने की चेतावनी दी।
किसान नेता पन्नू और पंधेर ने कहा कि जत्थेबंदी के प्रदेश नेताओं को उपमुख्यमंत्री की ओर से 29 सितंबर 2021 को किसान आंदोलन के दौरान हुई बैठक में सभी मसले हल करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन अभी तक सरकार ने इसमें कोई कार्रवाई नहीं की। सरकार के वादे से मुकरने के बाद ही किसानों और मजदूरों की मांग को लेकर रेल ट्रैक रोकने की शुरुआत करनी पड़ी और इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब की चन्नी सरकार की है। किसान अपने साथ राशन-पानी और बिस्तर लेकर धरनास्थल पर पहुंचे हैं।