फैक्ट्री से चुराए थे सरसों भरे 150 थैले, श्रीगंगानगर जिले के पांच जने गिरफ्तार
by seemasandesh
गांव कोहला स्थित फैक्ट्री में 3 अक्टूबर की रात्रि को हुई थी नकबजनी की वारदात हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गांव कोहला स्थित फैक्ट्री से करीब ढाई माह पहले हुई सरसों से भरे 150 थैले चोरी करने की वारदात का टाउन पुलिस ने शनिवार को खुलासा करते हुए पांच जनों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए पांचों युवक पड़ोसी जिले श्रीगंगानगर के निवासी हैं और 20 से 30 साल की आयु के बीच के हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर बरामदगी आदि के प्रयासों में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार (25) पुत्र गंगाबिशन नायक निवासी वार्ड 3, चक 12 पीएस पुलिस थाना रायसिंहनगर श्रीगंगानगर, विनोद कुमार (20) पुत्र मानकराम नायक निवासी वार्ड 8, रोटांवाली श्रीगंगानगर, प्रदीप कुमार उर्फ कालू (30) पुत्र सन्त कुमार बिश्नोई निवासी वार्ड 6, चक 7 जेड, भट्ठा कॉलोनी, मिर्जावाली रोड पीएस सदर श्रीगंगानगर, राजीव कुमार उर्फ राज (22) पुत्र बृजलाल नायक निवासी चक 17 एमएल पंचायत ख्यालीवाला श्रीगंगानगर व विनोद कुमार (21) पुत्र विजय भाट निवासी किकर चक पंचायत रोटांवाली पीएस लालगढ़ जाटान जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। आरोपी फैक्ट्री से चुराए गए सरसों से भरे थैले पिकअप गाड़ी में डालकर ले गए थे। टाउन पुलिस थाना प्रभारी दिनेश सारण ने बताया कि 5 अक्टूबर को मुकुल सिंगला (25) पुत्र नरोत्तम सिंगला निवासी पंजाबी मोहल्ला हनुमानगढ़ टाउन ने रिपोर्ट दी थी कि गांव कोहला में मेगा हाइवे पर उसकी सरसों से खल बनाने की आईओ इण्डस्ट्रीज के नाम से फैक्ट्री है। 3 अक्टूबर की रात्रि को अज्ञात व्यक्ति उसकी फैक्ट्री से 150 बोरी सरसों चोरी कर ले गए। इस पर अज्ञात जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल मनीष बिश्नोई को सौंपी गई। घटना के खुलासे व आरोपियों की तलाश व गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर टीम गठित की गई। टीम की ओर से घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची गई। मानवीय आसूचना संकलन कर अज्ञात आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद घटना को अंजाम देने में शामिल विकास कुमार, विनोद नायक, प्रदीप कुमार, राजीव कुमार उर्फ राज व विनोद भाट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में हैड कांस्टेबल मनीष बिश्नोई, नरेश कुमार, कांस्टेबल कृष्णसिंह, प्रहलाद व योगेन्द्र शामिल थे। इस कार्रवाई में पुलिस थाना में तैनात साइबर सेल के हैड कांस्टेबल नरेश कुमार की विशेष भूमिका रही।