बीकानेर
बीकानेर में इन दिनों अजीब चोर गिरोह सक्रिय है। लग्जरी कार में सवार ये चोर किसी ज्वेलरी शॉप में नहीं जाते। इनकी लग्जरी गाड़ी रुकती है पशुओं के बाडे़ के पास। चोर उतरते हैं और बकरियां और गधे चुराकर उन्हें लग्जरी कार में डालकर फरार हो जाते हैं। पिछले दो दिन में श्रीडूंगरगढ़ के चार गांवों से 9 बकरियां चोरी हो चुकी हैं। वहीं इससे पहले हनुमानगढ़ से गधों की चोरी हो चुकी है। बकरियों की चोरी का बड़ा कारण इसकी लगातार बढ़ती कीमत है। यही कारण है कि बकरी चोर गिरोह लग्जरी गाड़ी में घूमकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव लिखमादेसर, कुंतासर, सत्तासर व मोमासर में चोरों ने स्विफ्ट डिजायर में बकरी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इन चोरों ने कुंतासर में पूसाराम नायक के घर से 2 बकरी चुराई। गांव लिखमादेसर में लगे कैमरे में स्विफ्ट डिजायर कैद हुई है। ग्रामीणों को अंदेशा है कि सभी गांवों में इसी कार में चोरी की गई है। कार में चोरों ने कुल 9 बकरियां चुराई है।