एक्ट्रेस कंगना रनोट ने हाल ही में आजादी को लेकर एक विवादित बयान दिया है, जिसके कारण उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। उनका जगह-जगह जमकर विरोध भी हो रहा है और उनके खिलाफ अब तक कई शहरों में FIR भी दर्ज करवाई जा चुकी हैं। अब सिंगर-म्यूजिक कंपोजर विशाल ददलानी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कंगना रनोट का नाम लिए बिना उनके बयान पर गुस्सा जाहिर किया है। इस पोस्ट के जरिए विशाल ने कंगना को यह याद दिलानी की बात कही है कि हमें आजादी ‘भीख’ में नहीं मिली है।
विशाल ददलानी ने पोस्ट में अपनी एक फोटो शेयर की है, जिसमें उन्होंने ब्लैक कलर की टी-शर्ट पहनी है। इस टी-शर्ट पर शहीद भगत सिंह की फोटो है और लिखा है-‘जिंदाबाद’। इस फोटो के कैप्शन में विशाल ने लिखा है, “उस महिला को याद दिलाएं जिसने कहा था कि हमारी आजादी ‘भीख’ में मिली थी। मेरी टी-शर्ट पर शहीद सरदार भगत सिंह हैं, जो एक नास्तिक, कवि दार्शनिक, स्वतंत्रता सेनानी, भारत के पुत्र और एक किसान के बेटे हैं।”