कोटा- बारां
बारां की छीपाबड़ौद में तीन युवकों ने बाइक लूटने के लिए दोस्त की हत्या की साजिश रच डाली। सोनू ने 5 दिन पहले दोस्त विपिन (24) को गोलगप्पे (पानी पूरी) के मसाले में चूहे मारने की दवा मिलाकर खिलाई थी। फिर विपिन के सिर व गले पर चाकू से ताबड़तोड़ 10 से ज्यादा वार किए थे। आरोपी विपिन को मरा समझकर उसकी बाइक लेकर फरार हो गया। घायल का जयपुर में इलाज जारी है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुनील (22) और उसके दो सहयोगियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है।
दोनों अच्छे दोस्त थे
छीपाबड़ौद थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा ने बताया कि आरोपी सोनू व पीड़ित विपिन बहुत अच्छे दोस्त थे। पहले दोनों कोटा में रहकर काम धंधा करते थे। लॉकडाउन के बाद से ही दोनों गांव फलिया में रह रहे थे। अधिकतर समय साथ बिताते थे। आरोपी सोनू से एक अन्य दोस्त ने उसके साले के लिए सस्ती बाइक का जुगाड़ करने के लिए कहा था। सोनू ने 10 दिन पहले करीब दो हजार रुपए एडवांस ले लिए थे। सोनू ने सस्ती बाइक के लिए अपने ही दोस्त विपिन को निशाना बनाया। उसकी बाइक लूटने की प्लानिंग की।

मुख्य आरोपी सोनू उर्फ सुनील व उसके दो सहयोगियों को बापर्दा गिरफ्तार किया है।
खजूरिया डैम पर जहर खिलाया
सोनू 24 जुलाई को विपिन को स्मैक पिलाने के बहाने छीपाबड़ौद लाया। सोनू ने बाजार से चूहे मारने की दवाई खरीदी। साथ ही पानीपुरी पैक करवा ली। फिर खजूरिया डैम ले जाकर सोनू ने पानी पूरी के सूखे मसाले में चूहे मारने की दवा मिला दी। जिसे विपिन को खिला दी। विपिन को हल्के चक्कर आने पर सोनू उसे वापस छीपाबड़ौद लेकर पहुंचा। जहां सोनू ने खुद की बाइक वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी को दे दी। स्मैक खरीदने का बहाना बनाकर विपिन को बाबाजी की खो के पास पहाड़ी के ऊपर जंगल में ले गया।
चाकू से ताबड़तोड़ वार किए
पहाड़ी पर उल्टी आने पर आरोपी सोनू ने पीठ दबाने के बहाने पीछे से विपिन के गले में चाकू से वार किया। सोनू लगातार विपिन के सिर पर ताबड़तोड़ चाकू से वार करने लगा। विपिन ने बचाव में पत्थर उठाकर सोनू के सिर पर मारा। जिसके बाद सोनू ने पीड़ित की बनियान से ही उसका गला घोंटा। आरोपी ने विपिन के गले पर चाकू रखकर पत्थर से मारकर अंदर घुसा दिया। इसके बाद विपिन को मरा हुआ समझकर उसकी बाइक लूट ली।
7 हजार में बेची बाइक
लूट की बाइक लेकर सोनू दूसरे दोस्त के पास पहुंचा। खून से सनी शर्ट को बहते पानी में फेंक दिया। दोस्त की शर्ट पहनकर छीपाबड़ौद झोलाछाप डाॅक्टर के पास पहुंचा। सिर की चोट का इलाज कराया। लूट की बाइक लेकर उसके दोस्त के साले के गांव पीथपुर गए। चूहे मारने की दवा व खून से सने चाकू को रास्ते में छिपा दिया। बाइक बेचने के बदले सात हजार रुपए सोनू लेकर फलिया आ गया। पुलिस आरोपियों से लूटी गई बाइक, वारदात में इस्तेमाल चाकू व अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ में जुटी है।
पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगो ने सूचना दी थी। जिसमें बताया था कि बाबाजी की खो के पास जंगल मे एक व्यक्ति का गला कटा हुआ है। सिर से खून बह रहा है। जिसको ऐंबुलेंस से अस्पताल भिजवा दिया गया है। सीएचसी छीपाबडौद पर घायल विपिन उर्फ रामस्वरुप के पिता शम्भुनाथ ने एक रिपोर्ट दी थी। जिसमे बताया था कि 24 जुलाई को सुबह 10-11 बजे के बीच सोनू नाथ मेरे बेटे विपिन को बुलाकर ले गया था। उसके साथ में दो व्यक्ति और थे। जिन्होंने मेरे बेटे के साथ में जान से मारने की नियत से चाकू से मारपीट की। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया।