तलवाड़ा झील (सीमा सन्देश न्यूज)। तलवाड़ा झील पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों के कब्जे से चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पकड़े गए दोनों युवक हरियाणा क्षेत्र के निवासी हैं। मामले की जांच संगरिया पुलिस को सौंपी गई है। जानकारी के अनुसार तलवाड़ा झील पुलिस थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल के नेतृत्व में पुलिस टीम बुधवार देर रात गश्त कर रही थी। गश्त करते हुए पुलिस टीम तलवाड़ा झील से सिलवाला कलां-बेहरवाला कलां रोड पर रोही तलवाड़ा झील में नहर की पुलिया पर पहुंच नाकाबंदी की तो मोटर साइकिल नम्बर एचआर 44 एफ 2462 पर दो जने आते दिखे। सामने पुलिस टीम की नाकाबंदी देख बाइक सवार घबरा गए और बाइक को वापस घुमाने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस टीम ने बाइक को रूकवा सवारों की तलाशी ली तो इनके पास सात ग्राम हेरोइन (चिट्टा) मिली। पुलिस ने हेरोइन बरामद कर मौके से कानूदास उर्फ कन्हैयालाल (26) पुत्र चंदूदास निवासी वार्ड नम्बर 17, योग साधना मंदिर के पास ऐलनाबाद हरियाणा व विनोद उर्फ धाकड़िया (22) पुत्र शेरसिंह निवासी वार्ड नम्बर 11, हरपाल स्कूल के पास, ऐलनाबाद हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अफीम तस्करी में इस्तेमाल मोटर साइकिल जब्त कर ली। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच संगरिया थाना के एसआई लीलाधर को सौंपी गई है। पुलिस टीम में एएसआई अजीतसिंह, कांस्टेबल हरदयाल, अमरसिंह, कृष्ण व सुखचरण सिंह शामिल थे।