दुबई
टी-20 वर्ल्डकप 2021 में रविवार को भारत और पाकिस्तान की टीमें पांच साल बाद एक दूसरे के खिलाफ मैदान में उतरेंगी। इस मैच से पहले पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा है कि उनकी टीम भारत के खिलाफ मैच के लिए पूरी तरह तैयार है और पिछले रिकॉर्ड के बारे में नहीं सोच रही है। पाक टीम के खिलाड़ी खुद को शांत रखना चाह रहे हैं और सिर्फ एक मैच पर ध्यान दे रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि टीम के पूर्व कप्तान सरफराज मौजूदा टीम में फिट नहीं बैठ रहे थे। इसी वजह से उन्हें भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तान टीम में जगह नहीं दी गई है। वहीं शोएब मलिक स्पिन के बेहतर खिलाड़ी हैं और वो टीम में फिट बैठ रहे थे और उन्हें पाकिस्तान टीम में शामिल किया गया है। सरफराज को आने वाले मैचों में मौका दिया जाएगा।