दुर्घटना या आत्महत्या, कर रही है पुलिस गहन जांच
श्रीगंगानगर। जवाहरनगर थाना क्षेत्र में अग्रसेननगर कॉलोनी (द्वितीय) निवासी अधेड़ व्यक्ति की लाश गंग कैनाल की बारहमासी नहर में घमूडवाली थाना क्षेत्र में बरामद हुई है। मृतक अधेड़ रविंद्रसिंह जटसिख (50) पंजाब के निकटवर्ती फाजिल्का जिले में अबोहर उपमंडल के गांव उस्मानखेड़ा के सरकारी मिडिल स्कूल में प्रधानाध्यापक था। उसकी कार दो दिन पूर्व गांव साधुवाली में गंगा कैनाल की मुख्य नहर के किनारे लावारिस मिली थी। जवाहरनगर थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी निर्मलकौर (48)द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि रविंद्रसिंह दुर्घटनावश नहर में गिर गया या फिर यह अज्ञात कारणों से आत्महत्या का मामला है।आज दोपहर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिवार वालों को सौंप दी गई। पुलिस के मुताबिक जिले के केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र में चक 6-डब्ल्यू का मूल निवासी रविंद्रसिंह काफी समय से अग्रसेननगर कॉलोनी (द्वितीय) में परिवार सहित रह रहा था। उसके एक पुत्र और एक पुत्री है। वह अबोहर मार्ग पर पंजाब के समीपवर्ती उस्मानखेड़ा में मिडिल स्कूल में प्रधानाध्यापक था। पत्नी निर्मलकौर ने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर की सुबह और रोजाना की तरह पति कार द्वारा स्कूल ड्यूटी करने जाने का कहकर घर से गया था। वह दोपहर बाद तक वापस घर नहीं आया तो फोन पर संपर्क किया।उसका मोबाइल फोन बंद था।उसी रात को लगभग 9 बजे जानकारी मिली कि रविंद्रसिंह की कार साधुवाली में गंग कैनाल के किनारे मिट्टी में फंसी खड़ी है। वहां जाने पर गांव के कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने सुबह 11:30 बजे रविंद्रसिंह को कार फंस जाने पर टोचन कर निकालने के लिए वाहन का इंतजाम करते हुए देखा गया था। उसने वहां आए गांव के तीन चार व्यक्तियों से से टोचन करने के लिए कोई वाहन लाने के लिए कहा। पुलिस के मुताबिक यह लोग अपने पास कोई वाहन ना होने का कहकर चले गए। इसके बाद रविंद्रसिंह के साथ क्या घटनाक्रम हुआ, इसकी जानकारी निर्मलकौर उसे नहीं है। स्कूल में स्टाफ कर्मियों ने बताया कि वह सुबह 10:30 बजे हाजिरी लगाने के बाद कार लेकर कहीं चला गया था।पुलिस के मुताबिक रविंद्रसिंह की अपने पैतृक गांव में अच्छी खासी कृषि भूमि है। वह दुर्घटनावश वनहर में गिर गया या कथित रूप से खुदकुशी की है, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। रविंद्रसिंह का अभी तक मोबाइल फोन नहीं मिला है। कार को उसके परिवार वाले उसी रात को ले गए थे।रविंद्रसिंह के गायब हो जाने पर जवाहरनगर थाना में गुमशुदगी भी दर्ज करवाई गई। इस बीच परिवारजन नहर में गिर जाने की आशंका को देखते हुए अपने स्तर पर तलाश करते रहे।कल गुरुवार को सोशल मीडिया में एक फोटो वायरल हुई, जिसमें बताया गया कि यह लाश उस्मान खेड़ा के प्रधानाध्यापक रविंद्रसिंह की है, जिसे गंग कैनाल की मुख्य शाखा में सुलेमानकी हैड के पास लोगों ने देखा है।लाश पानी में तैर रही थी। जब तक परिवार वाले यह पता चलने पर सुलेमानकी हैड पहुंचते लाश आगे निकल चुकी थी। पुलिस ने बताया कि घमूडवाली थाना क्षेत्र में सुलेमानकी हैड से आगे थाने के पास ही कल देर शाम को नहर में रविंद्रसिंह की लाश मिल गई, जिसे देर रात जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखा गया। आज पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। जवाहर नगर थाना में सब इंस्पेक्टर मदनसिंह इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।