Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बार संघ सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को सौंपा ज्ञापन

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। बार संघ खण्डेला जिला सीकर के अधिवक्ता हंसराज मावलिया की मौत के जिम्मेदार दोषियों को सजा दिलवाने की मांग को लेकर बार संघ हनुमानगढ़ के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बार संघ अध्यक्ष मनजिन्द्र सिंह लेघा ने कहा कि अधिवक्ता हंसराज मावलिया निवासी खण्डेला, सीकर ने वहां नियुक्त उपखण्ड अधिकारी राकेश कुमार से तंग-परेशान होकर आत्महत्या दाह जैसा घातक कदम उठाया। इससे अधिवक्ता हंसराज मावलिया की मृत्यु हो गई। लेघा ने कहा कि मावलिया की मौत के जिम्मेदार दोषी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर सजा दिलवाई जानी कानूनी रूप से अति आवश्यक है। लेघा ने कहा कि प्रदेश के लगभग सभी राजस्व न्यायालयों की कार्य प्रणाली बेहद खराब है व भ्रष्टाचार का अत्यन्त बोलवाला है। राजस्व न्यायालयों में नियम के अनुसार कार्यवाही नहीं हो रही। न ही नियमित रूप से सुनवाई होती है। ऐसी परिस्थिति में राजस्व न्यायालयों की कार्य प्रणाली से क्षुब्ध लोगों की ओर से ऐसे घातक कदम उठाने की पुनर्रावृति रोकने के लिए राजस्व न्यायालयों की कार्य प्रणाली को प्रभावी रूप से बदलने की आवश्यकता है व भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की आवश्यकता है। लेघा ने कहा कि बार संघ हनुमानगढ़ अधिवक्ता हंसराज मावलिया की असामायिक मृत्यु से अत्यन्त दुखी है। साथ ही इस घटना से रोष है। इसलिए अधिवक्ता हंसराज मावलिया को ऐसी परिस्थिति में पहुंचाने वाले दोषी अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जाए। इस मौके पर बार संघ उपाध्यक्ष अमित अरोड़ा, सचिव राजकुमार बागोरिया, कोषाध्यक्ष शालू रानी, पुस्तकालयाध्यक्ष पूनम, गुरदेव सिंह थिंद, रायसिंह बेनीवाल, सुखदेव सिंह, राजदीप सिंह, महेंद्र सिंह, गुरसाहिब सिंह, नरेश कुमार, राहुल बिस्सा, भवानी वर्मा, सुनील चिलाना, प्रीतपाल भाटी, संतोष भाटी, रूपसिंह, हरजिंद्र सिंह, महेंद्र जोहल, सुरेंद्र झोरड़, विनोद पारीक, शमशेर सिंह, पवित सिंह सहित कई अधिवक्ता मौजूद थे। उधर, ज्ञापन सौंपने से पहले अधिवक्ताओं की ओर से बार संघ रूम में दिवंगत अधिवक्ता साथी हंसराज मावलिया की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।