13 जून से जयपुर में महापड़ाव डालने का ऐलान, मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। विद्युत निगमों में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता की वेतन और एसीपी विसंगति दूर करने की मांग को लेकर पावर इंजीनियर एसोसिएशन आॅफ राजस्थान के सदस्यों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि राज्य के बिजली विभाग का कनिष्ठ अभियंता विगत कई वर्षों से वेतन विसंगति और एसीपी विसंगति की मार झेल रहा है। ऊर्जा विभाग की 185वीं कोआर्डिनेशन कमेटी में बिजली निगम में कार्यरत कनिष्ठ अभियंताओं की वेतन विसंगति और एसीपी विसंगति निवारण करने की अनुशंसा राज्य सरकार एवं वित स्तर पर अटकी हुई है। संगठन की ओर से 3 मार्च को जयपुर में दिए गए एक दिवसीय धरने के बाद अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा विभाग के साथ हुई वार्ता में वेतन विसंगति को अतिशीघ्र ही सही करवाने का आश्वासन दिया था परन्तु आज तक इस संबंध में कोई आदेश लागू नहीं हुए हैं। कई बार विद्युत प्रशासन और 25 मई को बिजली विभाग के सभी आलाधिकारियों को ऊर्जा मंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित कर अपनी समस्या से अवगत करवाया गया परन्तु प्रत्येक बार निगम प्रशासन एवं सरकार की ओर से उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया और झूठा आश्वासन दिया जाता रहा। ऐसे में लगता है कि ऊर्जा विभाग और राज्य सरकार को कनिष्ठ अभियंताओं के हितों से कोई सरोकार नहीं है। इसी वजह से कनिष्ठ अभियंताओं की पीड़ा असहनीय हो गई है एवं रोष चरम स्तर पर पहुंच चुका है। इसके विरोध में प्रदेश की पांचों बिजली कम्पनियों के कनिष्ठ अभियंता 26 मई से काली पट्टी बांध कर कार्य कर रहे हैं और संवैधानिक प्रक्रिया से प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं परन्तु ऊर्जा विभाग और राज्य सरकार की तरफ से आदेश जारी नहीं हो रहे हैं। 185वीं कोआर्डिनेशन कमेटी की सिफारिश रिपोर्ट के आदेश लागू नहीं होने से त्रस्त कनिष्ठ अभियंताओं की ओर से जयपुर में 13 जून से महापड़ाव डालने का निर्णय लिया गया है। इस मौके पर कनिष्ठ अभियंता अमनदीप सिंह, बनवारी लाल, विकास कुमार, महेन्द्र परनामी, जसराम चौहान, संदीप सहारण, प्रियंका, मीनू शर्मा मौजूद थे।