बिग बॉस ओटीटी के बाद हर किसी को बिग बॉस 15 का बेसब्री से इंतजार है जिसका धमाकेदार प्रीमियर 2 अक्टूबर को होने वाला है। शो में बिग बॉस ओटीटी के टॉप 5 फाइनलिस्ट प्रतीक सहजपाल की एंट्री पक्की है जिसके बाद अब कई अन्य सेलेब्स के नाम भी शो में हिस्सा लेने के लिए सामने आ रहे हैं। इस सीजन में बिग बॉस 13 फेम आसिम रियाज के बड़े भाई उमर रियाज भी एंट्री लेंगे जिसके लिए उन्हें क्वारैंटाइन कर दिया गया है।
आसिम के भाई उमर रियाज ने बिग बॉस 15 का ऑफर कबूल कर लिया है, जिसके बाद उन्हें कोविड 19 गाइडलाइन्स के तहत मुंबई के एक होटल में क्वारैंटाइन कर दिया गया है। उमर के फैन पेज और शो के खबरी पेज द्वारा भी उनकी एंट्री पर कन्फर्मेशन दे दी गई है।
बता दें कि उमर पेशे से डॉक्टर हैं जो आसिम से बडे़ हैं। उमर को पिछले साल बिग बॉस 14 का भी ऑफर दिया गया है। उनकी मेकर्स से चर्चा जारी थी, हालांकि पिछले सीजन में बात नहीं बन सकी। उमर इससे पहले बेफिक्र रहो और गुनाह करदे जैसे म्यूजिक एलबम में नजर आ चुके हैं।
आसिम की ही तरह उमर रियाज की भी सोशल मीडिया पर तगड़ी फैन फॉलोविंग है। उमर के पार्टिसिपेट करने की खबर के बाद से ही वो ट्विटर पर ट्रेंड कर रहे हैं। आसिम के फैंस भी उमर की एंट्री से बेहद खुश हैं और उन्हें बधाई दे रहे हैं।
आसिम रियाज ने बिग बॉस 13 में दूसरा स्थान हासिल किया था। शो की शुरुआत में आसिम और सिद्धार्थ शुक्ला की दोस्ती गहरी थी, हालांकि बाद में दोनों के बीच खूब झगडे़ हुए थे। आसिम के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद खबरें सामने आई थीं कि उन्हें शो शुरू होने के महज कुछ घंटों पहले ही फाइनल किया गया था। आसिम के बाद उनके भाई से भी फैंस को काफी उम्मीदें हैं।