कौन बनेगा करोड़पति-13 के अपकमिंग एपिसोड में एक्टर जैकी श्रॉफ और सुनील शेट्टी स्पेशल गेस्ट के रूप में नजर आएंगें। शो का प्रोमो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। शो में जैकी ने खुलासा करते हुए कहा कि उनकी ‘भिड़ु भाषा’ के पीछे की इंस्पिरेशन शो के होस्ट अमिताभ बच्चन हैं। उनकी इस बात से होस्ट सदमे में आ गए। बता दें, जैकी को इंडस्ट्री में ‘बंबइया’ लहजे के लिए जाना जाता है। जैकी ने 1982 में आई फिल्म ‘स्वामी दादा’ से बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था।
‘भिड़ु भाषा’ की उत्पत्ति कहां से हुई
प्रोमो में अमिताभ ने उनसे में पूछा, “भिड़ु मेरा एक सवाल है। आपकी इस ‘भिड़ु भाषा’ की उत्पत्ति कहां से हुई है?” जैकी जवाब में कहते हैं, “यह उस क्षेत्र के चलते आई है जहां मैं पैदा हुआ और पला-बढ़ा हूं, लेकिन यह आपकी वजह से भी है। आप ही थे, हम तो बाद में आए।”
शो में बोला फिल्म का डायलॉग
सुनील जोर से हंस पड़े। तब जैकी ने अमिताभ को फिल्म अमर अकबर एंथनी के एक फेमस डायलॉग की याद दिलाई और जिस पर अमिताभ ने जैकी को फोर्स किया कि वह इसे शो में बोलें, “ऐसा तो आदमी दोइच समय भगता है, ओलंपिक की रेस हो या पुलिस का केस हो।”
पापा ने चॉल से निकल कर इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई
2016 में जैकी के बेटे और एक्टर टाइगर श्रॉफ ने ‘मैन्स वर्ल्ड’ के लिए अपने पिता के शुरुआती जीवन के बारे में लिखा था कि कैसे उन्होंने मुंबई की एक चॉल से निकल कर इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई और आगे लिखते हैं, “वह अपने परिवार के साथ मुंबई के वालकेश्वर, तीन बत्ती नामक इलाके में एक चॉल में रहते थे। अपनी पहली फिल्म हीरो के साथ रातों रात सुपरस्टार बनने के बाद भी, वह उसी चॉल में करीब पांच से छह साल तक रहे।
चॉल में सार्वजनिक स्नानघर है और वह सुबह लाइन में लग कर अपनी बारी का इंतजार करते थे। मुझे याद है कि उन्होंने मुझे बताया था कि स्टार बनने के बाद, बस एक फायदा यह हुआ था कि चॉल के लोग उन्हें लाइन में आगे लगा दिया करते थे। “वह उनसे रिक्वेस्ट करते कि मुझे जल्दी जाने दें, क्योंकि मुझे शूटिंग के लिए देर हो रही है।”