बीकानेर
बीकानेर से 11 जनवरी की देर रात पौने दो बजे गुवाहाटी के लिए रवाना हुई बीकानेर एक्सप्रेस गुरुवार शाम 5 बजे पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी और मैनागुड़ी के बीच पटरी से उतर गई। NWR पीआरओ शशिकिरण के मुताबिक, ट्रेन में 308 यात्री बीकानेर से और 564 जयपुर से सवार हुए थे।
दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने ट्रेन में सवार साधासर (बीकानेर) के दो यात्री फूसाराम बिजारणियां और दुर्गाराम सिद्ध से बात की। उन्होंने बताया कि शाम का समय था और लंबे सफर की वजह से लोग थक चुके थे। हम दोनों कोच नंबर डी-4 में बैठे थे। अचानक तेज धमाका हुआ। ऐसा लगा मानो भूकंप आ गया हो। कुछ ही क्षण में ऊपर बैठे पैसेंजर नीचे आ गिरे। सामान भी गिरने लगा। हमारा कोच दो बार पलटी खाकर रुक गया। हम समझ गए थे कि बड़ा हादसा हुआ है। हम दोनों किसी तरह उठकर बाहर निकले। बाहर आकर देखा तो नजारा दर्दनाक था। कुछ कोच पटरी से उतर गए थे तो कुछ एक-दूसरे के ऊपर चढ़े हुए थे। प्रभावित डिब्बों में करीब 100 से ज्यादा लोग फंसे थे। जो यात्री बच गए, उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जिन लोगों की मौत हुई, वे भी हमारे आसपास के कोच के थे।