बीकानेर. समय के साथ-साथ किसी भी शहर में इंफ्रास्ट्रक्चर बदलते रहते है। पहले यहां कलक्टर रहा हूं, आज मुख्य सचिव के रूप में आया हूं। बीकानेर शहर की खुशबू और भाईचारा वैसा का वैसा है। राज्य के मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने गुरुवार शाम को बीकानेर पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शहर में राजस्थान राज्य अभिलेखागार में बदलाव जरुर हुआ है। यह अभिलेखागार विश्व स्तरीय है। सरकार ने जो संसाधन उपलब्ध करवाए, उसका पूर्ण उपयोग यहां दिख रहा है।
बीकानेर दौरेे पर उन्होंने कहा कि प्रशासन गांवों के संग अभियान को लेकर शुक्रवार को बैठक होगी। इस अभियान को लेकर अब तक हुई प्रारम्भिक तैयारियों,विभिन्न विभागों की रूपरेखा, विभागों का आपसी समन्वय और क्या तैयारियां हुई है इसकी समीक्षा की जाएगी। मुख्य सचिव ने कहा कि अभियान के दौरान लोगों को राहत मिले, इसके लिए तैयार है।शहर की सबसे बड़ी रेल फाटक समस्या पर मुख्य सचिव ने कहा कि बीकानेर में रहा हूं। इस समस्या से परिचित हूं। पिछले वर्षो में विभिन्न प्रयास हुए होंगे। क्या तकनीकी बाधाएं आई होगी। यही तो जानने बीकानेर आया हूं।