नई दिल्ली
पिछले काफी समय से अपनी पार्टी और केंद्र सरकार को निशाना बनाने के चलते सुर्खियों में रहे भाजपा सांसद वरुण गांधी एक बार फिर से चर्चा में हैं। वरुण गांधी ने शुक्रवार को बड़े पैमाने पर बैंक धोखाधड़ी और उनके पीछे आर्थिक अपराधियों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
आर्थिक अपराधियों विजय माल्या, नीरव मोदी और ऋषि अग्रवाल का नाम लेते हुए वरुण गांधी ने सरकार पर हमला बोला। बता दें कि बैंक धोखाधड़ी के मामलों में जहां विजय माल्या और नीरव मोदी के नाम हर कोई जानता है तो वहीं इस लिस्ट में ऋषि अग्रवाल का नाम नया है। ऋषि अग्रवाल एबीजी शिपयार्ड के पूर्व अध्यक्ष हैं और वे वर्तमान में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी के लिए जांच के दायरे में हैं।
जब जांच एजेंसियों ने उनकी कंपनियों द्वारा बड़े पैमाने पर बैंक धोखाधड़ी का पता लगाया तो भगोड़े कारोबारी विजय माल्या और नीरव मोदी देश से फरार हो गए। जहां माल्या पर अनुमानित 9,000 करोड़ रुपये और नीरव मोदी पर 14,000 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी का आरोप है। वहीं ऋषि अग्रवाल लगभग ₹ 23,000 करोड़ के घोटाले के केंद्र में हैं – माना जाता है कि यह देश का अब तक का सबसे बड़ा घोटाला है।