Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बी ब्लॉक में दिनदहाड़े युवती के गले से सोने की चेन तोड़कर भाग गए तीन युवक

  • सीसीटीवी कैमरा में घटनाक्रम हुआ कैद

श्रीगंगानगर। कोतवाली थाना अधीन घनी आबादी वाले बी-ब्लॉक में पैदल जा रही दो महिलाओं में से एक के गले में पहनी सोने की चैन को एक युवक पीछे से आकर झपट ले गया।यह युवक और उसके 2 साथी देखते ही देखते भाग गए।जिस युवती के गले से चेन तोड़ी गई,वह पकड़ने के लिए पीछे दौड़ी। मगर युवक मोटरसाइकिल पर रफूचक्कर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस का चेतक गश्ती दल मौके पर पहुंचा। पुलिस आसपास की गलियों में चक्कर काटती रही, मगर कोई पकड़ में नहीं आया। वारदात होने के 48 घंटे बाद तक पुलिस ने इसका मामला दर्ज नहीं किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परसों शनिवार शाम को बी-ब्लॉक में दो युवतियां पैदल एक पतली गली से होकर रविंद्र पथ की तरफ जा रही थी। यह युवतियां पदमपुर निवासी दो सगी बहने बताई जा रही हैं। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो युवक पैदल इनके पीछे-पीछे आ रहे हैं। इनमें एक युवक ने हरे रंग की पगड़ी और गहरे रंग की टी-शर्ट पहनी हुई है।इनका तीसरा साथी पीछे धीरे-धीरे मोटरसाइकिल लेकर चल रहा है। गली एक चौराहे पर पहुंचते ही पगड़ीधारी युवक पीछे से आकर एक युवती के गले में पहनी सोने की चेन पर झपट्टा मारता है। फिर वह और उसके साथ पैदल चल रहा युवक बड़ी तेजी से पीछे की तरफ भागते हैं। जिस युवती के गले से चेन तोड़ी गई, वह चिल्लाते हुए उनके पीछे कुछ दूरी तक भागती है लेकिन तभी यह दोनों युवक मोटरसाइकिल लिए तीसरे साथी के साथ फरार हो जाते हैं। दोनों युवतियों के शोर मचाने पर घरों से लोग बाहर भाग कर आए। घटना की सूचना दिए जाने पर कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई।
वार्ड पार्षद हरविंदर पांडे ने बताया कि पुलिस का चेतक दल 5 मिनट में ही मौके पर आ गया। इससे पहले युवतियों का शोर सुनकर आसपास के लोग भाग कर आए, जिन्होंने संदिग्ध युवकों की तलाश में इधर उधर की गलियों में भागदौड़ भी की,लेकिन कोई पकड़ में नहीं आया। बाद में पुलिस भी आसपास के गलियों में कुछ देर चक्कर लगा कर चली गई। श्री पांडे के अनुसार यह दोनों युवतियां पदमपुर निवासी दो बहने हैं,जो किसी काम से शनिवार को श्रीगंगानगर आई थीं। उधर, कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर शाम समाचार लिखे जाने तक बताया कि अभी इस घटना का मामला दर्ज नहीं किया गया है।सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर तीनों संदिग्ध युवकों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *