Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बुमराह की टॉप 10 में वापसी:ICC रैंकिंग में फास्ट बॉलर जसप्रीत ने 10 पायदान की छलांग लगाई, अब वर्ल्ड नंबर 9 बने; कोहली एक पायदान फिसले

दुबई

इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में हुए पहले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टॉप-10 टेस्ट गेंदबाजों की लिस्ट में वापसी हो गई है। बुमराह ने पहले टेस्ट में 110 रन देकर 9 विकेट लिए थे। वे टेस्ट गेंदबाजों की ताजा ICC रैंकिंग में 10 पायदान की छलांग लगाकर 9वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

सितंबर-2019 में टॉप-3 में थे बुमराह
बुमराह पहले भी टॉप-10 लिस्ट का हिस्सा रह चुके हैं। सितंबर-2019 में वे अपने करियर के बेस्ट तीसरे स्थान पर थे। बुमराह अब 760 अंकों के साथ 9वें स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस 908 अंकों के साथ दुनिया के नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बने हुए हैं। भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन 856 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के टिम साउदी तीसरे स्थान पर हैं। उनके 824 अंक हैं।

विराट कोहली एक स्थान फिसले
ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में गोल्डन डक (पहली गेंद पर 0 पर आउट) पर आउट होने वाले विराट टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में 1 स्थान फिसल गए हैं। वे अब 791 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। उसी टेस्ट में शतक जमाने वाले इंग्लैंड के कप्तान जो रूट 846 पॉइंट के साथ चौथे स्थान पर आ गए हैं। रूट इस टेस्ट मैच से पहले पांचवें स्थान पर थे। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन 901 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ (891 अंक) और मार्न लाबुशेन 878 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कायम हैं।

रोहित और ऋषभ पंत टॉप-10 में बरकरार
भारतीय ओपनर रोहित शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप-10 में कायम हैं। रोहित 764 अंकों के साथ पांचवें और ऋषभ पंत 746 अंकों के साथ छठे स्थान पर कायम हैं। रवींद्र जडेजा 3 स्थान की छलांग के साथ 36वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, लोकेश राहुल ने रैंकिंग में फिर से वापसी की और 56वें नंबर पर हैं। राहुल ने पहले टेस्ट में 84 और 26 रनों की पारी खेली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *