Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

भाई ने बहन की गाड़ियां जलाईं, जेवरात और रुपए के विवाद में रिश्ते बिगड़े, आग लगाने के बाद कहा- एक दिन ऐसे ही तेरे बच्चों को जला दूंगा

बीकानेर

जेवरात और रुपए के विवाद में चचेरे भाई ने बहन और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे दी है। गुरुवार देर रात उसने घर के बाहर खड़ी क्रूजर स्कूल वैन और मोटरसाइकिल को आग लगा दी। साथ ही, उसने धमकी दी कि गाड़ियों को जिस तरह जलाया है, उसी तरह एक दिन बहन के बच्चों को जिंदा जला देगा। बहन की रिपोर्ट पर शुक्रवार को नापासर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। महिला एक निजी स्कूल की डायरेक्टर है। पति के साथ वह स्कूल चलाती है।

राजकुमार जाट अपनी चचेरी बहन सरोज के साथ ही रहता था। वह स्कूल में मैनेजमेंट का काम संभालता था। दो महीने पहले उसकी शादी होने के बाद गहनों को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद वह काम छोड़कर चला गया। पुलिस के अनुसार, नापासर में गुरुवार की मध्य रात्रि रेलवे स्टेशन के पास बालाजी विहार कॉलोनी में संचालित स्कूल के संचालक अजीत चौधरी व उनकी पत्नी सरोज चौधरी के घर के बाहर अचानक आग की लपटें नजर आईं।

पेट्रोल डालकर लगाई आग

सरोज का आरोप है कि उसने बाहर जाकर देखा तो उसका भाई राजकुमार दिखा। वह गाड़ियों पर पेट्रोल डालकर आग लगाकर भाग रहा था। जाते-जाते राजकुमार ने अपनी बहन को चेतावनी दी कि एक दिन इसी तरह उसके बच्चों को भी जला देगा। आरोप है कि राजकुमार ने क्रूजर स्कूल वैन और मोटरसाइकिल को आग लगा दी। सरोज का आरोप है कि राजकुमार अपनी बहन और बहनोई से रंजिश रखता है। राजकुमार चौधरी अपनी बहन को बार-बार फोन करके कहता है कि मेरा कहना मान ले। मुझे गहने व रुपए दे दे। नहीं तो तुम्हें बहुत बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा।

करमीसर रहता है आरोपी

सरोज चौधरी ने बताया की राजकुमार जाट करमीसर में रहता है। रात को अजीत व सरोज के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस से पवन शर्मा, सुनील छींपा, रामेश्वर लाल, रमेश कुमार शर्मा सहित जान-पहचान कई अन्य लोग पहुंच गए। नापासर पुलिस को सूचना दी। सरोज के परिवार को रात में पड़ोसियों के घर सोना पड़ा।

गिरफ्तारी के प्रयास, सुराग नहीं

थानाधिकारी जगदीश पांडार ने बताया कि आरोपी राजकुमार जाट की तलाश की जा रही है। उसके गांव करमीसर के अलावा जान-पहचान व मित्रों के घरों पर भी दबिश दी जा रही है। फिलहाल ये पता लगाया जा रहा है कि आग लगाने का असली कारण क्या है? महिला ने जो जेवरात और अन्य कारण बताए हैं, उस दिशा में भी पड़ताल शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *