Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

भाजपा के लिए महंगाई मुद्दा नहीं, धार्मिक ध्रुवीकरण से पार्टी को चुनाव जीतने का भरोसा: अशोक गहलोत

जयपुर।

बढ़ती महंगाई को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला है। सीएम गहलोत ने गुरुवार को कहा कि भाजपा को पूरा भरोसा है कि महंगाई कितनी भी बढ़ जाए, लेकिन धार्मिक ध्रुवीकरण की वजह से वह चुनाव जीत जाएगी।

गहलोत ने कहा कि राजस्थान में हमने दवाइयां, इलाज सब फ्री कर दिया है, इसलिए लोगों को चिंता नहीं है लेकिन दूसरे राज्यों में लोग दवा भी नहीं खरीद पा रहे हैं। गहलोत ने आरोप लगाया, ‘श्रीलंका में आज लोगों के पास खाना नहीं है क्योंकि वहां भी राष्ट्रवाद और अल्पसंख्यक के विरोध की ओर ध्यान दिया गया था। मोदी सरकार भारत को उसी दिशा में ले जाने की कोशिश कर रही है।’

देश पर ढाई गुना बढ़ा कर्ज: गहलोत
गहलोत ने कहा, ‘बेरोजगारी बढ़ रही है, युवाओं के पास रोजगार नहीं है और इसलिए समाज में अपराध भी बढ़ रहा है। एक साल में पेट्रोल 27 रुपये, डीजल 25 रुपये महंगा हो गया है। दीवाली पर पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 10 रुपये सस्ता हुआ था, लेकिन अब 14 रुपये महंगा हो गया है।’ उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के सात वर्षों में देश पर कर्ज ढाई गुना बढ़ गया है। गहलोत ने कहा कि 2014 में देश पर करीब 57 लाख करोड़ रुपये का कर्ज था, जो 2022 में बढ़कर 136 लाख करोड़ रुपये हो गया है।