Friday, April 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

भीड़ से मुमताज ने बचाई थी राजेश खन्ना की जान:शर्त नहीं मानी तो शम्मी कपूर ने तोड़ा था रिश्ता, शादी से बर्बाद हुआ करियर

एक्ट्रेस मुमताज का आज 76वां बर्थडे है। उन्होंने अपने करियर में लगभग 25 फिल्मों में काम किया था। वो 70 के दशक की ऐसी हीरोइन थीं जो सबसे ज्यादा फीस चार्ज करती थीं। हालांकि 26 साल की उम्र में करियर के पीक पर शादी कर उन्होंने सबको हैरान कर दिया था। शादी के बाद उनकी लगभग सभी फिल्में फ्लॉप रहीं।

राजेश खन्ना और मुमताज की दोस्ती बहुत गहरी थी। एक बार वो भीड़ में बिना हिचक के राजेश खन्ना की जान बचाने चली गई थीं। वहीं फिल्म ब्रह्मचारी की शूटिंग के दौरान शम्मी कपूर और वो एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे, लेकिन कपूर खानदान की एक परंपरा की वजह से ये रिश्ता टूट गया।

मुमताज ने बतौर लीड एक्ट्रेस अपने करियर की शुरुआत B ग्रेड की फिल्मों से की थी, लेकिन उन्होंने अपनी एक्टिंग से हर किसी को लुभाया और A ग्रेड फिल्मों की टाॅप एक्ट्रेस बनीं।

पेरेंट्स का तलाक हुआ, बचपन गरीबी में बीता
मुमताज का जन्म 31 जुलाई 1947 को मुंबई में अब्दुल सलीम अस्करी और शादी हबीब आगा के घर हुआ था। मूल रूप से उनका परिवार ईरान के मशहद का रहने वाला था। मुमताज के जन्म के एक साल बाद ही उनके माता-पिता का तलाक हो गया। तलाक के बाद मां मुमताज और उनकी बहन मल्लिका को लेकर अपने पीहर चली गईं। उधर पिता ने दूसरी शादी की जिससे उन्हें दो बेटे हुए।

मुमताज का बचपन बेहद गरीबी में बीता। परिवार के गुजारे के लिए मां फिल्म इंडस्ट्री में छोटे-मोटे काम करने लगीं। छोटे बच्चों को फिल्मों में काम करता देख उनकी इच्छा होती कि उनकी बेटियां भी फिल्मों में काम करें। इस वजह से वो अपनी दोनों बेटियों को सेट पर ले जाने लगीं।

मां का ये सपना पूरा भी हुआ। 11 साल की खूबसूरत मुमताज को 1958 की फिल्म सोने की चिड़िया में काम करने का मौका मिला। इसके बाद वो फिल्मों में काम करती रहीं।

मुमताज के बचपन की तस्वीर।

मुमताज के बचपन की तस्वीर।

14 साल की उम्र में दारा सिंह के साथ काम किया
14 साल की उम्र में मुमताज ने पहली बार A ग्रेड की फिल्म गहरा दाग में काम किया था। फिल्म में उन्होंने हीरो की बहन का रोल किया था, जिसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की।

इस समय इंडस्ट्री में दारा सिंह की एक्शन फिल्मों का दौर था। उनकी अधिक हाइट की वजह से कोई भी एक्ट्रेस उनके साथ काम नहीं करना चाहती थी। तब उनकी फिल्मों के डायरेक्टर मोहम्मद हुसैन की नजर मुमताज पर पड़ी, जिसे उन्होंने दारा सिंह की हीरोइन के रूप में चुन लिया। दारा सिंह ने भी इस पर सहमति जताई।

काम मिलने की ललक की वजह से मुमताज भी दारा सिंह के साथ काम करने के लिए राजी हो गईं और दोनों ने फिल्म फौलाद में पहली बार साथ काम किया। इसके बाद उनका B ग्रेड की फिल्मों में काम करना जारी रहा। वो दारा सिंह की तुलना में आधी ही फीस लिया करती थीं।

मुमताज आज भी कहती हैं कि दारा सिंह की वजह से उनका करियर सफल रहा। अफवाहें ये भी थीं कि साथ काम करने के दौरान दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे। हालांकि इस पर उन्होंने कभी रिएक्ट नहीं किया। बता दें कि मुमताज की बहन मल्लिका की शादी दारा सिंह के भाई एसएस रंधावा से हुई थी।