एक्टर शक्ति कपूर ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अपने FTII में बिताए हुए दिनों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पुणे स्थित इस इंस्टीट्यूट में पढ़ाई के दौरान उनके सीनियर मिथुन चक्रवर्ती ने उनकी रैगिंग ली थी। इस रैगिंग के दौरान मिथुन ने उनके बाल काट दिए थे और शक्ति को इतना परेशान किया था कि वो रोने लगे थे।
शक्ति ने पहली मुलाकात में मिथुन को ऑफर की थी बीयर
दरअसल, मिथुन इससे पहले किए गए अपने अपमान से नाराज थे। इससे पहले जब शक्ति FTII में शामिल होने के लिए पुणे पहुंचे तो वो पहले से ही खुद को स्टार समझ रहे थे। इतना ही नहीं उन्होंने पहली मुलाकात में मिथुन को एटीट्यूड में बीयर ऑफर की थी। शक्ति के मुताबिक बाद में मिथुन ने सीनियर होने के नाते इसी का बदला लिया था।

विनाेद खन्ना के भाई की शादी में पहुंचे
डीडी उर्दू के यूट्यूब चैनल के शो गुफ्तगू को दिए एक इंटरव्यू में शक्ति ने बताया कि वो दिल्ली से मुंबई जाते वक्त ट्रेन में एक आदमी से मिले। वह भी FTII जा रहा था और दोनों दोस्त बन गए। दोनों के पास इंस्टीट्यूट में कोर्स शुरू करने से पहले तीन दिन थे।
ऐसे में कपूर ने अपने दोस्त की बहन की शादी में जाने का फैसला किया, जिसकी शादी विनोद खन्ना के भाई प्रमोद खन्ना से हो रही थी।
इंस्टीट्यूट तक राकेश राेशन ने ड्रॉप किया
शक्ति ने आगे बताया कि इस पार्टी में पहले से ही कई बॉलीवुड सेलेब्स आए हुए थे। यहां उनकी मुलाकात राकेश रोशन से हुई। इसके बाद राकेश रोशन और प्रमोद खन्ना ने शक्ति और उनके दोस्त को इंस्टीट्यूट तक भी ड्रॉप किया। बस इतना होने के बाद शक्ति खुद को स्टार समझने लगे।

धोती में इंस्टीट्यूट के गेट पर खड़े थे मिथुन
शक्ति ने कहा, ‘जब हम पुणे पहुंचे तो मेरे हाथ में बीयर की बॉटल थी। हॉस्टल पहुंचकर मैंने देखा कि गेट पर एक लड़का धोती पहने हुए खड़ा है। उसकी धोती में इतने छेद थे कि मैं गिन भी नहीं सकता। उसने राकेश रोशन को देखा और उनके पैर छुए।
मेरे हाथ में बीयर की बॉटल थी तो मैंने उसे बीयर ऑफर की। उसने मना कर दिया और कहा कि इंस्टीट्यूट में यह सब अलाउड नहीं है। इसके बाद उसने खुद को इंट्रोड्यूस किया। वो मिथुन चक्रवर्ती था।’
राकेश रोशन के जाने के बाद मेरे बाल काट दिए
शक्ति ने आगे बताया- ‘कुछ देर बाद जब राकेश रोशन और प्रमोद खन्ना हमें ड्राॅप करके चले गए तो मिथुन हमें हॉस्टल लेकर गए। वहां कुछ सीनियर्स उनके साथ आए गए और सबने मिलकर मेरे बाल काट दिए। फिर वो मुझे पूल में ले गए और उसके चक्कर लगाने के लिए कहा।

रोते हुए कहने लगा मुझे माफ कर दो
मैं उस वक्त बुरी तरह फंस गया था। मुझे समझ आ गया था कि गड़बड़ हो गई है। मुझे तुरंत एहसास हुआ कि मैंने जो किया वो गलत था। थोड़ी देर बाद मैं थक गया। मैं वैसे भी बहुत तनाव में था तो मैं रोने लगा और कहने लगा कि मैं दिल्ली वापस अपने घर जाना चाहता हूं। मैं एक्टर नहीं बनना चाहता, मुझे माफ कर दो।’

फिर मिथुन ने ही मुझे बचाया भी
आखिर में मिथुन को मुझ पर दया आई और फिर उन्होंने ही मुझे उस सिचुएशन से बचाया। उन्होंने कहा- अगली बार से तुम्हें पता होगा कि अपने सीनियर की रिस्पेक्ट कैसे करनी है। दोबारा ये गलती मत करना।’
इसके बाद मिथुन मुझे वहां से लेकर गए और एक रूम में लॉक कर दिया। वो बोले- मैं तुम्हें लॉक कर रहा हूं ताकि किसी को पता ना चले कि तुम यहां हो वरना पूरी रात तुम्हारी परेड कराई जाएगी।’
बाद में मिथुन और शक्ति ने साथ में दलाल, गुंडा, अग्निपथ, आदमी, गुरु और तरकीब समेत कई फिल्मों में काम किया था।