घायलों को किया हनुमानगढ़ रेफर पीलीबंगा (सीमा सन्देश न्यूज)। हनुमानगढ़ रोड पर स्थित राधा स्वामी डेरे के पास बुधवार दोपहर को स्कॉर्पियो गाड़ी व ट्रैक्टर में हुई भीषण भिड़ंत में दो जनों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 5 जने गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक 13 वर्षीय बालक भी शामिल है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार प्रेम (36) पुत्र श्याम वाल्मीकि निवासी बीकानेर, सुनील (35) पुत्र रोशनलाल बिश्नोई निवासी गांव बाजू बिठडिय़ा बीकानेर, सुखदेव (32) पुत्र लूणकरण वाल्मीकि निवासी बीकानेर, सतवीर (30) पुत्र प्रेम राजपूत निवासी बीकानेर, देवेंद्र उर्फ मोनू पुत्र उम्मेद सिंह राजपूत निवासी तिलक नगर बीकानेर स्कॉर्पियो गाड़ी नम्बर आरजे 07 यूबी 5758 पर हनुमानगढ़ की तरफ जा रहे थे। रास्ते में पीलीबंगा क्रॉस करते हुए हनुमानगढ़ रोड पर स्थित राधा स्वामी डेरे के पास पहुंचे तो स्कॉर्पियो गाड़ी का संतुलन बिगड़ जाने से गाड़ी उछल कर डिवाइडर के ऊपर से सड़क की दूसरी ओर जा गिरी और सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में भिड़ गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार गुरजंट सिंह (47) पुत्र हरदेव सिंह बाजीगर निवासी चोहिलांवाली तथा गग्गु (13) पुत्र मलकीत सिंह बाजीगर निवासी चोहिलांवाली भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि स्कॉर्पियो गाड़ी पर सवार सतवीर व देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली व गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए अस्पताल प्रशासन की ओर से तुरंत प्रभाव से हनुमानगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी इंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि मृतकों के शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और सभी के परिजनों को सूचित भी कर दिया गया है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनोद गोठवाल व नगर पालिकाध्यक्ष सुखचैन सिंह रमाणा सहित प्रशासन के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। इस संबंध में समाचार लिखे जाते समय तक किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं हुआ था।