करीब ढाई साल से चल रहा था फरार, हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने किया गिरफ्तार हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। युवक पर हमला कर नकदी व बाइक लूटकर ले जाने के मामले में करीब ढाई साल से फरार रहे भगौड़े इनामी बदमाश को जंक्शन पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतवीर सिंह उर्फ सेठी पुत्र हरजिन्द्र सिंह उर्फ काला कम्बोज निवासी वार्ड 2, रामपुर थेड़ी पीएस रानिया जिला सिरसा हरियाणा के रूप में हुई है। जिला पुलिस अधीक्षक ने मई 2021 में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। जंक्शन थाना प्रभारी नरेश गेरा ने बताया कि 18 जनवरी 2019 को इन्साफ अली निवासी वार्ड 43, सुरेशिया हनुमानगढ़ जंक्शन ने रिपोर्ट दी कि 16 जनवरी 2019 को शाम करीब 7 बजे पीरकामडिय़ा निवासी तालिब व हजरत अली उसके भाई असगर अली के वार्ड 40, सुरेशिया स्थित घर आए और कहा कि उनका हरियाणा के कुछ जनों के साथ कोई हिसाब-किताब है। इस पर उसका भाई मोटर साइकिल पर अपने साले वसीम खां पुत्र हारून खां को साथ लेकर रवाना हो गया। टाउन रोड पर बतरा हॉस्पीटल के सामने पहुंचे तो संदीप मोमी निवासी रानिया सिरसा व हैप्पी निवासी ऐलनाबाद तथा 4-5 अन्य व्यक्तियों ने धारदार हथियारों व लाठियों से उसके भाई पर हमला कर दिया। उसके सिर में चोटें मारी। नकदी व मोटर साइकिल छीनकर फरार हो गए। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 392 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। मुकदमे में अनुसंधान के दौरान संदीप सिंह मोमी व हैप्पी उर्फ एमपी तथा हरविन्द्र सिंह को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश न्यायालय किया गया। जबकि इस प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी सतवीर सिंह उर्फ सेठी व चमकौर सिंह का 299 सीआरपीसी के तहत चालान पेश किया गया। थाना प्रभारी गेरा ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध शाखा राजस्थान जयपुर की ओर से वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन की ओर से इस अभियान में प्रभावी कार्यवाही के लिए निर्देश दिए गए। इस पर उच्चाधिकारियों के निर्देशन में टीमें गठित की गई तथा वारंटियों की धरपकड़ के लिए प्रयास शुरू किए गए। बुधवार को सफलता हासिल करते हुए 299 सीआरपीसी मे भगौड़ा वांछित अपराधी सतवीर सिंह उर्फ सेठी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में एएसआई रामपाल, हैड कांस्टेबल सुरेश कुमार व कांस्टेबल श्रवण शामिल थे।