मंडी की समस्याओं से मंडी समिति सचिव व अध्यक्ष को करवाया अवगत हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन पदाधिकारियों ने टाउन धानमंडी क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं से बुधवार को कृषि उपज मण्डी समिति सचिव सीएल वर्मा व अध्यक्ष अमरसिंह को अवगत करवाते हुए उनका निस्तारण करवाने की मांग की। व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष सन्तराम जिन्दल व पूर्व अध्यक्ष घनश्याम भादू के नेतृत्व में व्यापारी सचिव व अध्यक्ष से मिले। इस मौके पर फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन अध्यक्ष सन्तराम जिन्दल ने बताया कि मंडी की सबसे बड़ी समस्या प्रदूषण की है। प्रदूषण कम करने के लिए मंडी क्षेत्र में स्मॉग टावर की आवश्यकता है ताकि प्रदूषण कम होने से व्यापारी व मजदूर बीमारियों से बच सकें। इसके अलावा मंडी क्षेत्र में कई जगह लाइटिंग व्यवस्था नहीं है। मंडी क्षेत्र में लगी कई लाइटें खराब होने के कारण रात्रि के समय बन्द रहती हैं। मंडी में शौचालयों का भी अभाव है। व्यापारियों व मजदूरों को खुले में लघुशंका करने की मजबूरी है। मंडी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। इसके लिए मंडी क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की जरूरत है।