Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मजदूरी बढ़ाने की मांग, सुबह हड़ताल पर गए, दोपहर को काम पर लौटे

  • व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता, वार्ता से पहले मजदूरों ने पैदल मार्च निकाल डाला मंडी समिति सचिव कार्यालय पर पड़ाव
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन की धानमंडी व औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों ने मजदूरी में बढ़ोतरी न करने से नाराज होकर बुधवार सुबह काम बंद कर बेमियादी समय के लिए हड़ताल की घोषणा कर दी। लेकिन दोपहर को व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता में लिखित समझौता होने के बाद मजदूर हड़ताल समाप्त कर वापस काम पर लौट आए। इससे पहले सुबह अनाज मंडी पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) के बैनर तले बुधवार को मजदूरों ने जिलाध्यक्ष मुकद्दर अली, अनाज मंडी अध्यक्ष वलीशेर व सरपंच बलदेव सिंह के नेतृत्व में सीटू कार्यालय से नई धानमंडी तक अपनी मांगों के समर्थन में पैदल मार्च निकाला। इसके बाद धानमंडी स्थित कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय पर पड़ाव डाल दिया। इस दौरान हुई सभा में मजदूर नेता व सरपंच बलदेव सिंह ने कहा कि लगातार महंगाई बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के साथ खाद्य पदार्थांे की कीमतें आसमान छू रही हैं। मजदूरों का चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है। पिछले करीब छह साल से फैक्ट्री क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों की मजदूरी नहीं बढ़ाई गई। मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर प्रशासन व मंडी समिति के अधिकारियों के साथ व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों को पूर्व में मांगपत्र भी सौंपा गया था। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। व्यापारियों ने वार्ता कर मजदूरों की समस्या सुनना भी उचित नहीं समझा। इससे मजदूरों में रोष है। इसी के विरोध में अनाज मंडी व फैक्ट्री क्षेत्र का मजदूर काम बंद कर हड़ताल करने को मजबूर हुआ है। जब तक मजदूरी नहीं बढ़ाई जाती तब तक सीटू का मजदूर काम बंद रखेगा तथा मजदूर संगठनों के बैनर तले आंदोलन करेगा। सभा के पश्चात मजदूरों के प्रतिनिधियों व व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की वार्ता व्यापार मंडल धर्मशाला में हुई। इसमें सर्वसम्मति से दोनों पक्षों की ओर से आठ प्रतिशत के हिसाब से मजदूरी की दरों में बढ़ोतरी करने व हर साल महंगाई के अनुसार मजदूरी की दरों में बढ़ोतरी करने पर लिखित में समझौता हुआ। इस पर मजदूर प्रतिनिधियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। हड़ताल समाप्त होने के बाद मजदूर पुन: काम पर लौट आए। इस मौके पर आमिर खान, सहीराम, सत्रोहन, नारायण, सत्यनारायण, सुल्तान खान, तरसेम सिंह, गुरनायब सिंह, रामस्वरूप बागड़ी, मंटू मंडल, वारिस अली, फतेह मोहम्मद, लड्डू पासवान सहित कई मजदूर मौजूद थे।