मुंबई
अपने पार्टनर से प्यार जताने के लिए फरवरी परफेक्ट महीना है। इस पूरे हफ्ते किसी ना किसी दिन को सेलिब्रेट किया जाएगा। आज रोज डे मनाया जा रहा है। मौका कोई भी हो बॉलीवुड के किस्से-कहानियों की कोई कमी नहीं है। ऐसी ही एक लव स्टोरी के बारे में बताते हैं जिनके प्यार की शुरुआत एक गुलाब के फूल से हुई। यह लव स्टोरी है ट्रेजेडी किंग दिलीप कुमार और मधुबाला की। दोनों की प्रेम कहानी की हैप्पी एंडिंग भले ही ना रही हो लेकिन वे एक दूसरे से बेपनाह मोहब्बत करते थे।
पहली मुलाकात
1951 में फिल्म आई थी ‘तराना’ जिसमें दिलीप कुमार और मधुबाला ने साथ काम किया था। दोनों पहली बार इसी दौरान मिले थे और जल्दी ही वे एक दूसरे के प्यार में पड़ गए। इसके बाद उन्होंने 3 अन्य फिल्में कीं। मधुबाला ने अपने प्यार को जताने के लिए दिलीप कुमार के पास एक चिट्ठी और गुलाब भेजा था। उन्होंने लिखा था, ‘अगर आपको मुझसे मोहब्बत है तो इस गुलाब को कुबूल फरमाएं।‘ दिलीप कुमार तो मधुबाला को चाहते ही थे ऐसे में उन्होंने इस रिश्ते को मंजूरी दे दी।
सगाई तक हो गई थी
फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में मधुबाला की बहन मधुर बृजभूषण ने बताया था कि ‘वह दिलीप कुमार से तराना के सेट पर मिली थीं। उसके बाद उन्होंने संगदिल, अमर और मुगल-ए-आजम की। उनका 9 साल लंबा अफेयर चला। उन्होंने सगाई भी कर ली। उनकी आपा (दिलीप कुमार की बहन) आई थीं चुन्नी लेकर। भाईजान भी पठान थे। आपा और भाईजान एक दूसरे के लिए बने लगते थे।‘