सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज से पूछताछ करना चाहता है। लेकिन एक्ट्रेस लगातार ईडी के समन को इग्नोर कर रही हैं। वहीं, अब ईडी की तरफ से जैकलीन फर्नांडीज को एक नया समन जारी किया है। ईडी के समन के मुताबिक, एक्ट्रेस को 18 अक्तूबर यानी सोमवार सुबह 11 बजे ईडी दफ्तर में पेश होना होगा।
इससे पहले, ईडी ने जैकलीन फर्नांडीज को 15 अक्तूबर यानी शुक्रवार को दफ्तर में पूछताछ के लिए बुलाया था। लेकिन वह पेश नहीं हुईं। इस दौरान जैकलीन ने ऑफिस ना पहुंचने की वजह बताते हुए ईडी अधिकारियों से कहा था कि, वह कुछ व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण आज पेश नहीं हो पाएंगी। इसके बाद ईडी अधिकारियों ने एक्ट्रेस को शनिवार सुबह 11 बजे का भी समय दिया गया था। लेकिन एक्ट्रेस ने इसे भी इग्नोर कर दिया। जिसके बाद अब ईडी की तरफ से जैकलीन को 18 अक्तूबर सुबह 11 बजे पेश होने के लिए कहा है।
बताया जा रहा है कि, सुकेश द्वारा जैकलीन को फंसाने की कोशिश हुई थी। इसी वजह से ईडी के अधिकारी जैकलीन से पूछताछ में ये पता लगाना चाहते हैं कि, उनका और सुकेश का किसी भी तरह का कोई लेन-देन हुआ है या नहीं। ईडी अधिकारियों ने लगभग पांच महीने पहले जैकलीन से पूछताछ की थी। उनका बयान प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया था। इस दौरान जैकलीन ने बताया था कि वो सुकेश के जाल में फंस गईं थीं।