फिल्म नगरी मुंबई में बांद्रा के समुद्री छोर पर बने शाहरुख खान के बंगले ‘मन्नत’ के आसपास फिर उनके प्रशंसकों की हलचल बढ़ने लगी है। रविवार को तेजी से बदले घटनाक्रम के बाद शाहरुख के लिए फिल्म जगत में भी काफी हमदर्दी देखी जा रही है। 2 अक्तूबर को शाहरुख के बेटे आर्यन खान के साथ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की निगरानी में किस किसने बातचीत की और किस किस ने उसे अपने फोन से दूसरों से बातें कराई, इसका रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। आर्यन की जमानत याचिका पर मंगलवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। शाहरुख खान के करीबी बताते हैं कि उनकी मदद के लिए देश और दुनिया भर से लगातार फोन और संदेश आ रहे हैं। लेकिन, शाहरुख ये लड़ाई अकेले लड़ना चाहते हैं। उनका स्पष्ट संदेश है कि इस लड़ाई में किसी और को शामिल होने की जरूरत नहीं है। उन्हें कानून पर भरोसा है और वह इस पूरे मामले को कानूनी तरीके से ही अंजाम तक ले जाना चाहते हैं।