एक्टर सनी देओल सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव नहीं रहते हैं। अब हाल ही में सनी ने एक वीडियो फैंस के साथ शेयर किया है, जो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सनी अपनी मां प्रकाश कौर के साथ बर्फ में खेलते नजर आ रहे हैं। सनी ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, “हम जितने भी बड़े हो जाएं, इनके लिए तो हम हमेशा बच्चे ही रहेंगे। माता-पिता का प्यार ही एक अनमोल और सच्चा प्यार है, इनकी कदर करें। ये लम्हा, मेरे यादगार लम्हों में से एक है। जहां मैंने अपनी मां के साथ अपने बचपने को फिर से महसूस किया।” इसके साथ ही उन्होंने हैश टैग #माता-पिता का प्यार इस्तेमाल किया है।
माधुरी दीक्षित की पहली वेब सीरीज ‘फाइंडिंग अनामिका’ का फर्स्ट लुक आउट
माधुरी दीक्षित जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डेब्यू करने वाली हैं। वह पिछले कुछ समय से अपनी पहली वेब सीरीज ‘फाइंडिंग अनामिका’ को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। अब हाल ही में माधुरी की वेब सीरीज ‘फाइंडिंग अनामिका’ का फर्स्ट लुक जारी हो गया है। दरअसल, हाल ही में नेटफ्लिक्स के ग्लोबल फैन इवेंट TUDUM का वर्चुअल आयोजन किया गया था। इस इवेंट के दौरान ही माधुरी की पहली वेब सीरीज ‘फाइंडिंग अनामिका’ की पहली झलक दिखाई गई है। इस सीरीज का निर्माण करन जौहर द्वारा किया गया है। प्रोड्यूसर करण की डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन कंपनी धर्माटिक इस सीरीज का निर्माण कर रही है। माधुरी की सीरीज को करिश्मा कोहली और बिजॉय नांबियार ने डायरेक्ट किया है। सीरीज में माधुरी के अलावा मानव कौल, लक्षवीर सरन, मुस्कान जाफरी और सुहासिनी मुले भी नजर आने वाली हैं। माधुरी की ‘फाइंडिंग अनामिका’ एक फैमिली ड्रामा सीरीज होगी, जो एक ग्लोबल सुपरस्टार को केंद्र में रख कर बनाई गई है। इस सीरीज में माधुरी एक पत्नी और मां का किरदार निभाएंगी, जो अचानक से बिना किसी सुराग के गायब हो जाती हैं।
शहनाज गिल और दिलजीत दोसांझ की ‘हौसला रख’ दशहरा पर होगी रिलीज
दिवंगत एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला के निधन के बाद उनकी कथित गर्लफ्रेंड शहनाज गिल की हालत ठीक नहीं है। वह इस गम को भुला नहीं पाई हैं। शहनाज काफी समय से अपनी पंजाबी फिल्म ‘हौसला रख’ को लेकर चर्चा में हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि यह फिल्म 15 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर रिलीज होगी। फिल्म में दिलजीत दोसांझ भी लीज रोल में नजर आएंगे। हाल ही में मेकर्स ने इस फिल्म का नया पोस्टर जारी किया है। साथ ही उन्होंने फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने की तारीख भी बताई है। फिल्म का ट्रेलर सोमवार को जारी किया जाएगा। इस फिल्म के लीड कलाकार दिलजीत ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ‘ट्रेलर सोमवार की दोपहर को एक बजे जारी किया जाएगा। दुनियाभर में यह फिल्म 15 अक्टूबर को दशहरा को रिलीज होगी।’ इस फिल्म के पोस्टर में शहनाज, दिलजीत और सोनम बाजवा की झलक देखने को मिली है। पोस्टर में दिलजीत की गोद में एक बच्चा भी नजर आ रहा है। ‘हौसला राख’ के निर्माताओं ने अभी तक फिल्म के लिए एक गाने की शूटिंग नहीं की है। मेकर्स इस महीने की शुरुआत में इस गाने को शूट करने वाले थे। हालांकि, सिद्धार्थ के असमय निधन के बाद इस शूटिंग को टाल दिया गया था। शूटिंग को पोस्टपोन किया गया था, ताकि शहनाज को अपने गम से उबरने का समय मिल पाए।
अमर सिंह चमकीला की बायोपिक में नजर आएंगे कार्तिक आर्यन और सारा अली खान
फिल्ममेकर इम्तियाज अली काफी समय से पंजाबी गायक अमर सिंह चमकीला की बायोपिक फिल्म को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। हाल ही में इस फिल्म के लिए रणबीर कपूर का नाम सामने आया था। अब जानकारी सामने आ रही है कि चमकीला की बायोपिक फिल्म में कार्तिक आर्यन और सारा अली खान नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इम्तियाज की चमकीला की बायोपिक में कार्तिक और सारा की जोड़ी नजर आ सकती है। एक इंटरव्यू में चमकीला के बेटे जयमान ने फिल्म के लिए अपने लीड कलाकारों की पसंद बता दी है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि उनके माता-पिता का किरदार सारा और कार्तिक निभाएं। कहा जा रहा है कि 8-10 दिन पहले इम्तियाज जयमान से मिलने लुधियाना पहुंचे थे। जयमान ने पुष्टि की है कि उनसे मिलने के लिए इम्तियाज आए थे। चमकीला के करियर की बात करें तो उन्होंने एक पंजाबी गायक के रूप में अपनी ख्याति हासिल की थी। वे सॉन्ग राइटर, संगीतकार और म्यूजिक कंपोजर के रूप जाने जाते हैं। चमकीला और उनकी पत्नी अमरजोत सहित उनके दो बैंड मेंबर्स की हत्या 8 मार्च, 1988 को कर दी गई थी। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि उनकी हत्या क्यों की गई थी। उस दौर में चमकीला के गानों को खूब लोकप्रियता मिली थी।