अंतिम संस्कार में करने पर अड़े परिवार जनों को पुलिस ने समझाइश कर मनाया
श्रीगंगानगर। घमूडवाली थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने का मामला उसके 38 सेकंड के एक वीडियो से नया रुख अख्तियार कर गया। मृतक ने वीडियो में पत्नी और उसके कथित प्रेमी से दुखी होकर कीटनाशक दवा का सेवन कर लेना बताया है। वीडियो के आधार पर मृतक के भतीजे द्वारा दी गई रिपोर्ट पर पुलिस ने पत्नी तथा उसके आशिक पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।परिवार जन इनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज सुबह अंतिम संस्कार न करने पर अड़ गए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने 3-4 घंटे समझाइश की, जिसके बाद उन्होंने अंतिम संस्कार कर दिया। घमूडवाली थाना क्षेत्र में चक 72-एलएनपी निवासी कालूराम नायक (32)की कल शनिवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। पुलिस के मुताबिक कालूराम ने परसों शुक्रवार दोपहर को घर में कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया था। उसकी पत्नी दोपहर को मनरेगा की मजदूरी कर वापस आई तो पति को उल्टियां करते देखकर संभाला। बाद में परिवार जन उसे तुरंत ही नजदीक निरवाना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए। जहां से श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया। कल शनिवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ जाने पर भाई कृष्णलाल द्वारा दी गई रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज की। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार जनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी के पवन शर्मा के मुताबिक इसके बाद मृतक कालूराम का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने पत्नी सुमन और उसके प्रेमी राकेश भांभू निवासी चक 64-एलएनपी से दु:खी होकर कीटनाशक दवा का सेवन कर लेना बताया। यह वीडियो उसके एक परिवार जन ने तब बनाया जब कालूराम को निरवाना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से श्रीगंगानगर रेफर किया गया। तब उसकी हालत कुछ ठीक थी, लेकिन बाद में मृत्यु हो गई। वीडियो में कालूराम ने स्पष्ट कहा है कि उसने पत्नी और राकेश इन दोनों से तंग आकर स्प्रे का सेवन किया है। इन दोनों ने उसे बहुत दुखी कर रखा है। मृतक के भतीजे रमेश ने कल देर रात दर्ज करवाए मुकदमे में बताया है कि चाची सुमन के नाजायज संबंध राकेश भांभू निवासी चक 64 एलएनपी से है। चाचा कालूराम इन संबंधों का विरोध करता था। इस बात को लेकर कालूराम का राकेश के साथ कई बार झगड़ा हुआ। राकेश ने सुमन के साथ मिलकर कालूराम से मारपीट भी की थी। पड़ोसी प्रदीप कुमार ने तब कालूराम को दिल से छुड़वाया था। पत्नी के अवैध संबंध से परेशान होकर ही कालूराम ने कीटनाशक दवा का सेवन किया है। जब उसे इलाज के लिए श्रीगंगानगर ले जाया जा रहा था तब उसके ताऊ के पुत्र दिनेश ने मोबाइल फोन से कालूराम का वीडियो बनाया था। आज कालूराम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले की जांच श्रीकरणपुर के डीएसपी सुरेंद्रसिंह राठौड़ कर रहे हैं।आज सुबह 3-4 घंटे तक परिवार वालों से पुलिस और प्रशासन के अधिकारी समझाइश करते रहे। चक 72-एलएनपी में लाश घर में ही रह कर परिवार वाले अड गए थे कि पहले सुमन और राकेश को गिरफ्तार किया जाए। समझाइश करने पर वे अंतिम संस्कार करने के लिए मान गए। थाना प्रभारी ने बताया कि कालूराम की शादी 12 वर्ष पहले हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। राकेश भी शादीशुदा है। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है।