श्रीगंगानगर. शहर के सूरतगढ़ रोड पर बने मेडिकल कॉलेज में बुधवार से विधिवत क्लासेज शुरू कर दी गई। इलाके के लोगों को लंबे समय से जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज का इंतजार था। बिल्डिंग बनकर तैयार होने के बाद यहां स्टूडेंट्स की काउंसलिंग हुई और बुधवार से कक्षाएं भी शुरू कर दी गई। इस अवसर पर पर हुए कार्यक्रम में एमएलए राजकुमार गौड़ ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की शुरुआत के रूप में वे एक ऐसे पल के साक्षी बने हैं जिसका उन्हें लंबे समय से इंतजार था। श्रीगंगानगर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की कक्षाएं शुरू होना उनके लिए बेहद खुशी का पल है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का एकेडमिक भवन और हॉस्टल बनकर तैयार है।

स्टूडेंट्स का स्वागत करते कलेक्टर और एमएलए राजकुमार गौड़।
गौड़ ने कहा कि मेडिकल कॉलेज लगभग 325 करोड़ में तैयार होना है। इसमें 60 प्रतिशत राशि भारत सरकार और 40 प्रतिशत राशि राजस्थान सरकार कीओर से वहन की जा रही है। गौड़ ने कहा कि एमबीबीएस प्रथम वर्ष में गंगानगर-हनुमानगढ़ के अलावा राजस्थान के अन्य जिलों से भी छात्रा-छात्राएं डॉक्टर बनने के लिये आये हैं। वे अच्छे डॉक्टर बनें। इसके साथ ही जिला अस्पताल में 240 बैड का नया चिकित्सा भवन बनेगा। नर्सिंग कॉलेज का भवन निर्माण भी हो रहा है। श्रीगंगानगर में सुपर स्पेशिलिटी की सुविधाएं मिलें, इसके लिये भी प्रयास किये जा रहे हैं। इसके लिये अलग से 10 बीघा भूमि जुटानी होगी।

संबोधित करते एमएलए राजकुमार गौड़।
जिला कलक्टर सौरभ स्वामी ने कहा कि प्रतिभाएं छोटे-छोटे गांवों से निकलकर एक उदाहरण बनती हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी लगन व मेहनत से मंजिल हासिल की जाती है लेकिन एक परीक्षा उतीर्ण कर लेने के बाद भी अनेक प्रकार की चुनौतियां प्रतिदिन मिलती हैं। उन्होंने कहा कि आदमी कितना भी बड़ा क्यों न बन जाये, उसे जमीन से जुड़े हुए रहना चाहिए तथा सदैव विनम्र बने रहना चाहिए।

कक्षाओं की शुरुआत के अवसर पर मौजूद अतिथि।
प्रिंसिपल डॉ एचएस कुमार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पीएमओ डॉ. बलदेव चौहान, आरएसआरडीसी के पीडी भीमसेन स्वामी, डॉ. प्रेम बजाज, डॉ. अभिषेक क्वात्रा, डॉ. प्रेम अरोड़ा, डॉ. कीर्ति शेखावत, डॉ. सुखपाल सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।