Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मोदी का महिला उद्यमियों से संवाद:PM ने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 1625 करोड़ जारी किए; 10 लाख की बजाय 20 लाख का कर्ज बिना गारंटी मिलेगा

नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘आत्मनिर्भर नारीशक्ति से संवाद’ प्रोग्राम में हिस्सा लिया। इसमें प्रधानमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्यों से बात की। और 4 लाख महिला स्वंय सहायता समूहों के लिए 1625 करोड़ रुपए की राशि जारी की। इस प्रोग्राम में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत प्रमोट की गई महिलाएं शामिल थीं। मोदी ने महिला उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि 42 करोड़ में से 55% जनधन खाते महिलाओं के हैं।

मोदी ने कहा, ‘अब एक अहम फैसला लिया गया है। सेल्फ हेल्थ ग्रुप को 10 लाख की जगह 20 लाख रुपए का कर्ज बिना गारंटी के मिलेगा। पहले बैंक अपने बचत खाते को लोन से जोड़ने को कहते थे और अब इस शर्त को भी हटा लिया गया है। साथियों आजादी के 75 वर्ष का ये समय नए लक्ष्य तय करने और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का है। बहनों की शक्ति को नई ताकत से आगे बढ़ाना है।’

बहन-बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है
मोदी ने कहा कि ई-मार्केट प्लेस का फायदा उठाएं। सीधे प्रोडक्ट वहां सेल करें। बहनों-बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और टीकाकरण पर भी सरकार संवेदनशीलता से काम कर रही है। बेटियों-बहनों का आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है। ये आत्मविश्वास हम खेल के मैदान से साइंस, टेक्नोलॉजी और युद्ध के मैदान तक देख रहे हैं। आजादी का अमृत महोत्सव 15 अगस्त 2023 तक चलेगा। 8 करोड़ बहनों की सामूहिक शक्ति इस उत्सव को नई ऊंचाई तक ले जाएगी।

साल में 75 घंटे स्वच्छता, जल संरक्षण का काम करें
प्रधानमंत्री ने महिला उद्यमियों से कहा कि आपकी आर्थिक प्रगति तो चल रही है। आप सामाजिक काम हाथ में ले सकती हैं क्या? आप अपने क्षेत्र की अन्य महिलाओं को कुपोषण के कारण जो तकलीफें आती हैं, इनके पोषण के लिए कैसे जागरूक किया जा सके, ये अभियान चला सकती हैं। अभी देश कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण का अभियान चला रहा है। आप भी वैक्सीन लगवाएं और दूसरे लोगों को भी प्रेरित करें। आप अपने गांव में तय कर सकते हैं कि आप कम से कम एक साल में 75 घंटे इस 15 अगस्त से अगले 15 अगस्त तक स्वच्छता, जल संरक्षण का काम करेंगी।

समाज के लिए भी वक्त निकालिए
प्रधानमंत्री ने कहा कि आप सभी सखी मंडल साल में एक बार उस जगह जाएं, जहां आपकी ही तरह बड़ा काम किया जा रहा हो। सोलर प्लांट, गोबर गैस प्लांट, प्लास्टिक वेस्टेज कंट्रोल प्लांट तक जा सकती हैं, इससे आपको सीखने का मौका मिलेगा। ये देश के लिए महत्वपूर्ण होगा। जो काम आप अभी कर रही हैं, उसके साथ ही कुछ ऐसे कामों के लिए भी वक्त निकालिए कि समाज को लगे कि आप उनके लिए और किसी का भला करने के लिए कर रहे हैं।

क्या है दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन?
DAY-NRLM फेज वाइज तरीके से गांवो में रहने वाले गरीब परिवारों को स्वयं सहायता समूहों (SHGs) में शामिल करता है। यह मिशन उनकी आमदनी और जीवन स्तर में सुधार करने के लिए उन्हें लंबे समय तक सहायता देता है। SHG की प्रशिक्षित महिलाएं मिशन के बहुत सारे काम संचालित करती हैं। इन प्रशिक्षित महिलाओं को कृषि सखी, पशु सखी, बैंक सखी, बीमा सखी कहा जाता है। मिशन के तहत SHG से जुड़ी महिलाओं को घरेलू हिंसा, महिला शिक्षा, हेल्थ, न्यूट्रिशन और सैनिटेशन के प्रति जागरूक किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *