मलयालम स्टार मोहनलाल की फिल्म ‘मरक्कर: द लॉयन ऑफ द अरेबियन सी’ कल यानी 2 दिसंबर को 16,000 शो के साथ बड़े पैमाने पर रिलीज होने वाली है। अपनी रिलीज से एक दिन पहले ही इस फिल्म ने 100 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। हाल ही में मोहनलाल ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैन्स को बताया कि इस फिल्म ने एडवांस बुकिंग्स के माध्यम से पहले ही 100 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। साथ ही उन्होंने अपने पोस्ट के साथ एक पोस्टर भी साझा किया जिसमें लिखा था कि फिल्म पहले ही टिकट बुकिंग के जरिए 100 करोड़ क्लब में एंटर कर चुकी है। बता दें यह एक ऐतिहासिक वॉर ड्रामा फिल्म है। एंटनी पेरुंबवूर द्वारा प्रोड्यूसड इस फिल्म में अर्जुन सरजा, सुनील शेट्टी, मंजू वारियर और सिद्दीकी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म तमिल के साथ साथ तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी में भी रिलीज होगी।