श्रीगंगानगर
इलाके में शनिवार को मौसम के तीन अलग-अलग रंग नजर आए। सुबह आसमान में धूप थी। गर्मी के चलते हर तरफ सन्नाटा था वहीं दोपहर होते-होते आसमान में बादल छा गए और शाम होते-होते तेज बरसात शुरू हो गई। लोगों ने बरसात का जमकर आनंद लिया।

श्रीगंगागनर में दोपहर में धूप के बाद पसरा सन्नाटा।
सुबह धूप के साथ हवा
इलाके में सुबह धूप के साथ-साथ हवा भी थी। ऐसे में गर्मी तो रही लेकिन तापमान में अपेक्षाकृत कमी नजर आई। शुक्रवार शाम जहां तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस था वहीं शनिवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे यह 37.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं दोपहर ढाई बजे यह 39.2 डिग्री सेल्सियस था लेकिन इसके बाद मौसम में एक बार फिर बदलाव आया और दोपहर बाद बादल छाने लगे।

श्रीगंगानगर के आसमान में दोपहर बाद छाए बादल।
शाम को खूब बरसे बादल
दोपहर तीन बजे तक गर्मी का असर बना हुआ था, लेकिन इसके बाद बादल छाए और बादलों के साथ आंधी चलने लगी। कुछ ही देर में आसमान से पानी बरसने लगा। इस दौरान तेज वर्षा के साथ जिला मुख्यालय के कुछ इलाकों में ओले भी गिरे।