Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

म्यूचुअल फंड्स की पसंद बदली:ICICI बैंक में फंड हाउसेस का 99,541 करोड़ रुपए का निवेश, HDFC बैंक में 91,854 करोड़ का निवेश

मुंबई

म्यूचुअल फंड कंपनियों ने निवेश को लेकर अपनी पसंद बदल दी है। बैंकिंग सेक्टर में ICICI बैंक के शेयर अब उनके पसंदीदा शेयर बन गए हैं। जुलाई के अंत तक इस बैंक के शेयर्स में फंड हाउसेस का कुल निवेश 99,541 करोड़ रुपए था, जबकि HDFC बैंक में 91,854 करोड़ रुपए का निवेश था।

ICICI बैंक में SBI फंड का 18,261 करोड़ का निवेश

देश के टॉप म्यूचुअल फंड हाउसेस की बात करें तो सबसे बड़ा फंड हाउस SBI म्यूचुअल फंड है। 5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा इसका असेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) है। AUM मतलब निवेशकों का जितना पैसा इस कंपनी के पास है। SBI म्यूचुअल फंड का ICICI बैंक के शेयर्स में कुल निवेश जुलाई तक 18,261 करोड़ रुपए था। जून महीने तक 16,612 करोड़ रुपए का निवेश था। HDFC बैंक के शेयर्स में इस फंड हाउस का जून तक 24,475 करोड़ रुपए का निवेश था। जुलाई में यह कम होकर 23,792 करोड़ रुपए हो गया।

शेयर्स की कीमतों में उतार-चढ़ाव से वैल्यू पर होता है असर

वैल्यू में कम या ज्यादा का मामला शेयर्स की कीमतों में उतार-चढ़ाव से जुड़ा होता है। उदाहरण के तौर पर SBI म्यूचुअल फंड के पास HDFC बैंक का जून तक 16.34 करोड़ शेयर थे। जुलाई में शेयर्स की संख्या बढ़ कर 16.68 करोड़ हो गई। यानी शेयर्स की संख्या बढ़ी, पर शेयर्स की कीमतों में उतार-चढ़ाव से निवेश की वैल्यू घट गई।

ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड का 13,199 करोड़ का निवेश

ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड का ICICI बैंक के शेयर्स में जुलाई तक 13,199 करोड़ रुपए का निवेश था। जून तक 11,680 करोड़ रुपए का निवेश था। जून में इस म्यूचुअल फंड के पास बैंक के 18.51 करोड़ शेयर्स थे। जुलाई में शेयर्स की संख्या बढ़कर 19.34 करोड़ हो गई। यानी म्यूचुअल फंड ने जून की तुलना में जुलाई में निवेश को 4% बढ़ा दिया। HDFC बैंक में हालांकि इसने 24% निवेश बढ़ाया है।

5.42 करोड़ शेयर्स जून तक थे

ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड के पास HDFC बैंक के जून तक 5.42 करोड़ शेयर्स थे। इसकी वैल्यू 8,121 करोड़ रुपए थी। जुलाई में शेयर्स की संख्या बढ़कर 6.71 करोड़ हो गई, जबकि वैल्यू 9,567 करोड़ रुपए हो गई। इसी तरह HDFC म्यूचुअल फंड के ICICI बैंक के शेयर्स में जून तक 9,328 करोड़ रुपए का निवेश था, जो जुलाई में बढ़ कर 10,080 करोड़ रुपए हो गया। हालांकि शेयर्स की संख्या 14.79 करोड़ से घट कर 14.77 करोड़ हो गई।

HDFC म्यूचुअल फंड ने 5% निवेश बढ़ाया है

HDFC बैंक में HDFC म्यूचुअल फंड ने 5% निवेश बढ़ाया है। जून में इसके निवेश की कुल वैल्यू 6,371 करोड़ रुपए थी, जो जुलाई में 6,341 करोड़ रुपए हो गई। निप्पोन म्यूचुअल फंड ने जून की तुलना में जुलाई में ICICI बैंक में निवेश घटा दिया है। जून में इसके पास 9.51 करोड़ शेयर्स थे, जो जुलाई में घट कर 9.15 करोड़ हो गए। हालांकि, इसी दौरान निवेश की वैल्यू बढ़ गई। जून में निवेश की वैल्यू 6,003 करोड़ रुपए से बढ़ कर जुलाई में 6,242 करोड़ रुपए हो गई।

निप्पोन के पास 4.67 करोड़ शेयर्स थे

निप्पोन म्यूचुअल फंड के पास HDFC बैंक का जून में 4.67 करोड़ शेयर्स थे और इसकी वैल्यू 6,999 करोड़ रुपए थी। जुलाई में शेयर्स की संख्या बढ़ कर 4.70 करोड़ हो गई जबकि निवेश की वैल्यू घट कर 6,704 करोड़ रुपए हो गई थी। UTI म्यूचुअल फंड की ICICI बैंक में जुलाई तक निवेश की कुल वैल्यू 6,084 करोड़ रुपए थी, जो जून में 5,510 करोड़ रुपए थी। इसी दौरान शेयर्स की संख्या 8.73 करोड़ से बढ़ कर 8.91 करोड़ हो गई। यानी 2% का इजाफा हुआ है।

जून की तुलना में जुलाई में घटी वैल्यू

HDFC बैंक में UTI म्यूचुअल फंड के निवेश की वैल्यू जून में 8,005 करोड़ से घट कर जुलाई में 7,934 करोड़ रुपए हो गई थी। हालांकि, शेयर्स की संख्या 5.34 करोड़ से बढ़ कर 5.56 करोड़ हो गई। यानी 4% का इजाफा हुआ है। देश की चौथी सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी आदित्य बिरला सन लाइफ ने HDFC बैंक में अपनी होल्डिंग घटा दी है। जून में निवेश की कुल वैल्यू 5,006 करोड़ रुपए थी, जो जुलाई में 4,727 करोड़ रुपए हो गई। शेयर्स की संख्या 3.34 करोड़ से घट कर 3.31 करोड़ हो गई है।

6,514 करोड़ का निवेश हुआ

ICICI बैंक में इसी दौरान बिरला का निवेश 5,950 करोड़ से बढ़ कर 6,514 करोड़ रुपए हो गया है। शेयर्स की संख्या 9.43 करोड़ से बढ़ कर 9.54 करोड़ हो गई है। एक्सिस म्यूचुअल फंड ने जून की तुलना में जुलाई तक ICICI बैंक में अपना निवेश 14% बढ़ा दिया है। जून में इसके पास 5.93 करोड़ शेयर थे। जुलाई में 6.75 करोड़ शेयर हो गए। इसकी वैल्यू जून में 3,744 करोड़ से बढ़ कर जुलाई में 4,604 करोड़ रुपए हो गई। HDFC बैंक में इसके निवेश की कुल वैल्यू 6,655 करोड़ से बढ़कर 6,617 करोड़ रुपए हो गई है। शेयर्स की संख्या 4.44 करोड़ से बढ़ कर 4.64 करोड़ हो गई है।

कोटक महिंद्रा के पास 10.99 करोड़ शेयर्स

कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड के पास जून में ICICI बैंक के 10.99 करोड़ शेयर्स थे। इसकी वैल्यू 6,931 करोड़ रुपए थी। जुलाई में 10.53 करोड़ शेयर रहे, पर इसकी वैल्यू 7,187 करोड़ रुपए थी। HDFC बैंक में इसके निवेश की वैल्यू जुलाई में 5,255 करोड़ रुपए थी, जो जून में 5,480 करोड़ रुपए थी। इसके पास बैंक के कुल 3.68 करोड़ शेयर हैं।

दोनों बैंकों के शेयर्स में उतार-चढ़ाव

दरअसल जून की तुलना में जुलाई में वैल्यू घटने या बढ़ने का एक प्रमुख कारण यह है कि दोनों बैंकों के शेयर्स जून की तुलना में जुलाई में बढ़े या घटे हैं। हालांकि, एक महीने के हाई से देखें तो दोनों बैकों के शेयर्स की कीमत घटी है। ICICI बैंक का शेयर 1 महीने में 717 रुपए तक गया था, जो अब 680 रुपए पर है। HDFC बैंक का शेयर 1564 से घट कर 1514 रुपए पर आ गया है।

दोनों बैंकों के शेयर्स की कीमतें बढ़ेंगी

ICICI डायरेक्ट ने HDFC बैंक के शेयर को 1818 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है। मोतीलाल ओसवाल ब्रोकिंग हाउस ने ICICI बैंक के शेयर को 835 रुपए के लक्ष्य पर खरीदने की सलाह दी है। दोनों बैंक साल 1994 में शुरू हुए थे। स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के रिसर्च हेड संतोष मीणा कहते हैं कि HDFC बैंक की तुलना में ICICI बैंक के शेयर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। जनवरी से अब तक ICICI बैंक के शेयर ने 27% का रिटर्न दिया है और यह अपने हाई से 5% कम पर कारोबार कर रहा है।

HDFC बैंक के शेयर ने केवल 5.5% का रिटर्न दिया है और हाई से 8% नीचे कारोबार कर रहा है। वे कहते हैं कि इकॉनॉमी के अच्छे प्रदर्शन से बैंकों का भी प्रदर्शन अच्छा होता है। ऐसे में ICICI, एक्सिस और SBI जैसे बैंक के शेयर अच्छे प्रदर्शन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *