मुंबई
अगर आप बड़े बैंकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से ज्यादा ब्याज कमाना चाहते हैं तो आपके लिए 9 सितंबर तक निवेश का मौका है। मुथूटू मिनी ने नॉन कनवर्टिबल डिबेंचर (NCD) लांच किया है। इस पर यह 10.41% का ब्याज दे रही है। हालांकि गांवों में काम करने वाला भारत एटीएम सालाना 11% ब्याज रिकरिंग डिपॉजिट पर दे रहा है।
रिकरिंग डिपॉजिट मतलब एक तय समय पर रकम जमा करना
रिकरिंग डिपॉजिट का मतलब एक तय समय में एक तय रकम को जमा करने से होता है। दरअसल भारत एटीएम रूरल बैंकिंग प्लेटफॉर्म है। यह गांवों और छोटे इलाकों में छोटे मर्चेंट्स को बैंकिंग सेवाएं देता है। इसके पास 4.5 लाख छोटे मर्चेंट्स हैं। इसकी पैरेंट कंपनी महाग्राम के फाउंडर राम श्रीराम कहते हैं कि गृहिणियों, वरिष्ठ नागरिकों और टीनेजर्स को 11% सालाना ब्याज कंपनी देती है।
वो कहते हैं कि देश में 41% आबादी वर्किंग है जबकि 59% आबादी उस पर निर्भर है। इसलिए एक स्थिर और गारंटीड सेविंग स्कीम की जरूरत देश में है। इसके साथ ही बचत और पढ़ाई या किसी और काम को पूरा करने के लिए डिपॉजिट लोगों की पहली पसंद होती है।
480 दिनों की स्कीम पर 8.75% ब्याज
मुथूटू कंपनी ने बताया कि वह 480 दिनों वाली NCD पर सालाना 8.75% का ब्याज देगी। ब्याज का पेमेंट महीने के आधार पर होगा। यह सिक्योर्ड NCD है। दो साल के निवेश पर 9% का ब्याज मिलेगा। जबकि दो साल की दूसरी स्कीम में 9.54% का ब्याज मिलेगा। 42 महीने के निवेश पर 9.50% जबकि 50 महीने के निवेश पर 10.22% का ब्याज मिलेगा।
अनसिक्योर्ड NCD में 10% ब्याज
कंपनी ने कहा है कि अनसिक्योर्ड NCD में 66 महीने के निवेश पर 10% का ब्याज सालाना दिया जाएगा। दूसरे सेगमेंट में इस पर 10.41% का ब्याज मिलेगा। कंपनी ने कहा कि वह इस इश्यू से 125 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखा है। हालांकि ज्यादा पैसा मिलने पर इसे बढ़ाकर 250 करोड़ रुपए तक किया जा सकता है। इसमें से 200 करोड़ रुपए सिक्योर्ड NCD का हिस्सा होगा। 50 करोड़ रुपए अनसिक्योर्ड NCD का हिस्सा होगा।
बीबीबी की रेटिंग दी गई है
इस NCD को केयर ने बीबीबी की रेटिंग दी है। यह NCD बीएसई और एनएसई स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होगी। कंपनी ने कहा है कि वह इसे 9 सितंबर से पहले भी बंद कर सकती है। यह तब होगा, जब उसे लक्ष्य से ज्यादा पैसा मिलेगा। 31 मार्च 2021 तक कंपनी के पास 3.86 लाख गोल्ड लोन अकाउंट थे। कंपनी मूलरूप से गोल्ड लोन का कारोबार करती है।
बड़े बैंक देते हैं कम ब्याज
इसकी तुलना में अगर बड़े बैंकों की FD की ब्याज दर देखें तो काफी कम है। देश का सबसे बड़ा बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) 1 से 2 साल तक की अवधि की जमा पर 4.9% ब्याज देता है। जबकि 3-5 साल के लिए 5.3 और 5 से 10 साल के लिए 5.4% ब्याज देता है। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) 2 से 3 साल के लिए 5.10 और 3 से 10 साल तक के लिए 5.25% ब्याज देता है। यस बैंक 1 साल की डिपॉजिट पर 5.75 जबकि 3 से 5 साल तक की डिपॉजिट पर 6.25% का ब्याज देता है। 5 से 10 साल के लिए यह 6.50% का ब्याज देता है।
पिछले डेढ सालों से रिजर्व बैंक ने दरों को घटाना शुरू किया है। इससे लोन और डिपॉजिट दोनों पर ब्याज दरें कम हो गई हैं। यह स्थिति अगले साल मार्च तक रह सकती है।