बॉलीवुड अभिनेत्री अंगीरा धार ने फिल्म डायरेक्टर आनंद तिवारी से शादी कर ली है। दोनों ने इसी साल 30 अप्रैल को शादी की थी लेकिन इसका खुलासा 25 जून को किया है। दोनों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शादी की तस्वीरें पोस्ट की हैं।

अंगीरा धर और आनंद तिवारी।
अंगीरा ने आनंद द्वारा डायरेक्ट की गई वेबसीरीज ‘लव पर स्क्वायर फुट’ में एक्टिंग की थी और ये दोनों तभी से एक-दूसरे को डेट करने लग गए थे। वैसे,अंगीरा से पहले इस साल और भी सेलेब्स ने शादी की है। एक नजर डालते हैं कुछ ऐसी ही बॉलीवुड सेलिब्रिटीज पर…
यामी गौतम

यामी गौतम और आदित्य धर।
यामी गौतम ने बॉलीवुड डायरेक्टर आदित्य धर से 4 जून को एक प्राइवेट सेरेमनी के दौरान शादी कर ली थी। शादी के बाद यामी और आदित्य ने तस्वीरें शेयर कर इस बात का खुलासा किया था। यामी ने आदित्य की डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ में काम किया था। इस दौरान दोनों की करीबियां बढ़ी थीं।
दीया मिर्जा

वैभव रेखी और दीया मिर्जा।
एक्ट्रेस दीया मिर्जा ने 15 फरवरी को मुंबई में वैभव रेखी के साथ सात फेरे लिए थे। दोनों ने बेहद प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी। इसके बाद दोनों हनीमून मनाने मालदीव गए थे जहां से दीया ने बेबी बंप के साथ तस्वीर शेयर कर सबको चौंका दिया था। दीया ने खुलासा किया था कि वह पहली बार मां बनने जा रही हैं जिसके बाद ये कयास लगने लगे थे कि दीया शादी के दौरान प्रेग्नेंट थीं। दीया की यह दूसरी शादी है।
वरुण धवन

वरुण धवन और नताशा दलाल।
बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन ने 24 जनवरी को अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड नताशा दलाल से शादी कर ली थी। दोनों ने अलीबाग में शादी की थी जहां करण जौहर, सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे कुछ सेलेब्स ही शामिल हुए थे। नताशा और वरुण स्कूल टाइम से एक-दूसरे को जानते हैं और पिछले कई सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे।
सुगंधा मिश्रा

संकेत भोंसले और सुगंधा मिश्रा।
कई कॉमेडी शोज का हिस्सा रह चुकीं सुगंधा मिश्रा ने 26 अप्रैल 2021 में कोरोना के बीच कॉमेडियन संकेत भोंसले के साथ सात फेरे लिए थे। दोनों की पहली मुलाकात ‘द कपिल शर्मा शो’ के दौरान हुई थी जिसके बाद दोनों शादी के बंधन में बंध गए। लॉकडाउन के दौरान हुई इस शादी में कई लोग नजर आ रहे थे जिसके चलते सुगंधा और संकेत के खिलाफ लॉकडाउन की गाइडलाइन का उल्लंघन करने के आरोप भी लगे थे।
इवलिन शर्मा

इवलिन और तुषान भिंडी।
‘ये जवानी है दीवानी’ फेम एक्ट्रेस इवलिन शर्मा ने इसी साल ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के डेंटल सर्जन डॉ. तुषान भिंडी से शादी कर ली थी। दोनों की शादी ब्रिस्बेन में 15 मई 2021 को सीक्रेट सेरेमनी में हुई। हालांकि, बाद में इवलिन शर्मा ने खुद अपनी शादी की कुछ फोटोज सोशल मीडिया पर फैंस के साथ शेयर की थीं। उन्होंने फोटो शेयर कर लिखा था, “मिस्टर एंड मिसेज भिंडी। इस छोटी सी वेडिंग सेरेमनी को हमारे जीवन का सबसे अच्छा दिन बनाने वाले सभी लोगों को बहुत-बहुत धन्यवाद।”