एक्ट्रेस यामी गौतम ने जून में फिल्ममेकर आदित्य धर से शादी की थी। अब यामी गौतम ने हाल ही में अपने सभी ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अपने नाम के आगे पति आदित्य का सरनेम ‘धर’ जोड़ लिया है। पहले उनके सभी अकाउंट्स पर उनका नाम यामी गौतम हुआ करता था। अब उन्होंने अपना नाम बदलकर यामी गौतम धर कर दिया है।
यामी गौतम ने मंगलवार (17 अगस्त) को अपनी अपकमिंग फिल्म ‘भूत पुलिस’ का नया पोस्टर सोशल मीडिया पर शेयर किया था। उनके इस पोस्ट से ही पता चला कि उन्होंने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अपना नाम बदलकर यामी गौतम धर कर लिया है।
यामी ने बॉलीवुड का ट्रेंड फॉलो किया
यामी ने बॉलीवुड का वही ट्रेंड फॉलो किया है, जो शादी के बाद कई एक्ट्रेस फॉलो करती आ रही हैं। करीना कपूर खान, प्रियंका चोपड़ा जोनस और सोनम कपूर आहूजा ने भी अपने नाम और सरनेम के साथ अपने पति का सरनेम जोड़ा था, वैसा ही अब यामी ने भी किया है।
‘भूत पुलिस’ 17 सितंबर को होगी रिलीज
यामी गौतम ने ‘भूत पुलिस’ का नया पोस्टर शेयर कर लिखा था, “जब जिंदगी बनी हॉन्टेड, भूत पुलिस मोस्ट वांटेड है। ‘भूत पुलिस’ का ट्रेलर कल (18 अगस्त) रिलीज होगा। बने रहें।” इस फिल्म में यामी गौतम के साथ सैफ अली खान, अर्जुन कपूर और जैकलीन फर्नांडिस भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 17 सितंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार वीआईपी पर रिलीज की जाएगी।
यामी ने 4 जून को आदित्य से की थी शादी
बता दें कि यामी ने 4 जून को फिल्ममेकर आदित्य धर से शादी कर सबको चौंका दिया था। इस सीक्रेट का खुलासा यामी की सोशल मीडिया पोस्ट से हुआ था, जब उन्होंने आदित्य धर के साथ शादी की फोटोज शेयर की थीं। शादी की सारी रस्में यामी के होम टाउन बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में निभाई गई थी। यामी की शादी की फोटोज और वीडियोज सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हुईं थीं।
सोशल मीडिया पोस्ट से शादी की जानकारी दी थी
यामी और आदित्य ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को शादी की जानकारी दी थी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा था, “परिवार के आशीर्वाद से आज हम एक इंटिमेट वेडिंग सेरेमनी में शादी के बंधन में बंध गए हैं। बहुत ही निजी लोग होने के नाते हमने खुशी के इस मौके का जश्न अपने परिवार के साथ मनाया। प्यार और दोस्ती की यात्रा शुरू करने के साथ हम आपका आशीर्वाद और शुभकामनाएं चाहते हैं।”
यामी ने ‘विक्की डोनर’ से किया था डेब्यू
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में 28 नवंबर 1988 को जन्मी यामी गौतम ने बतौर मॉडल करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने पहला विज्ञापन ‘फेयर एंड लवली’ के लिए किया था। इसके बाद उन्होंने टीवी सीरियल ‘चांद के पार चलो’ से डेब्यू किया था। फिर उन्होंने ‘प्यार न होगा कम’ सीरियल में भी काम किया। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में 2012 में आई ‘विक्की डोनर’ से डेब्यू किया, जो हिट रही थी। उन्होंने ऋतिक रोशन के साथ ‘काबिल’ फिल्म भी की है।