सलमान खान की को-स्टार एक्ट्रेस सुनीता शिरोल ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अपनी फाइनेंशियल संकट और स्वास्थ्य के बारे में बात की और बताया कि उन्होंने महामारी के दौरान अपनी सारी सेविंग्स खत्म कर दी है। उन्होंने यह भी कहा कि फ्रैक्चर होने के बाद वो अब अपना बायां पैर नहीं मोड़ सकती हैं और साथ ही वो अन्य बीमारियों से भी जूझ रही हैं। अब उनके सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और एक्ट्रेस ने लोगों से मदद की गुहार लगाई है।
महामारी आने तक काम कर रही थीं सुनीता
सुनीता ने कहा, “मैं महामारी आने तक काम कर रही थी। मैंने इस दौरान अपनी सारी सेविंग्स सर्वाइव करने में लगा दी। दुर्भाग्य से, मुझे उस समय के आसपास तेज घुटने के दर्द और किडनी इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। मैं अस्पताल में दो बार गिर गई और मैनें अपना बायां पैर फ्रैक्चर कर लिया। मैं अब इसे मोड़ नहीं सकती। मैंने पहले एंजियोप्लास्टी करवाई है और मैं और भी बीमारियों से लड़ रही हूं।”
नुपुर अलंकार के घर पर रह रही हैं सुनीता
सुनीता इस बीच, नुपुर अलंकार के घर पर रह रही हैं। सुनीता कहती हैं, “मैं एक फ्लैट में पेइंग गेस्ट के रूप में रह रही थी, लेकिन मैं तीन महीने तक वहां का पैसा नहीं दे पाई, क्योंकि मेरे पास पैसे नहीं बचे थे। नूपुर को मेरी मदद के लिए भेजने के लिए मैं CINTAA (सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन) की आभारी हूं। नूपुर फिलहाल मुझे अपने घर ले आईं हैं और उन्होंने मेरे लिए एक नर्स भी हायर की है।”
सुनीता ने कहा सर्वाइव करना बहुत मुश्किल है
सुनीता काम फिर से शुरू करने पर कहती हैं, “मैं काम शुरू करना चाहती हूं क्योंकि मुझे पैसे की जरूरत है, लेकिन मेरे पैर की हालत बिगड़ रही है और मुझे नहीं पता कि मैं फिर से कब चल पाऊंगी। मुझे आर्थिक मदद की जरूरत है जब तक मैं अपने पैर पर खड़ी ना हो जाऊं। मैंने अपने सुनहरे दिनों के दौरान बहुत कमाया है और जरूरतमंद लोगों की मदद भी की है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं जीवन में कभी इस दो राहे पर खड़ी हो जाऊंगी। मैंने अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा अपने पति के साथ के बिजनेस सेट-अप करने में लगा दिया था। फिर गोदाम में आग लग गई और हमने सब कुछ खो दिया। 2003 में मेरे पति का निधन हो गया। आज मैं दुनिया के रहम और करम पर हूं। सर्वाइव करना बहुत मुश्किल है।”
‘बजरंगी भाईजान’ में नजर आईं थीं सुनीता
सुनीता ने ‘बजरंगी भाईजान’, ‘छोट-अज इस्को’, ‘कल तेरे को’, ‘किसना: द वॉरियर पोएट’, ‘शापित’, ‘द लीजेंड ऑफ भगत सिंह’, और ‘मेड इन चाइना’ जैसी फिल्मों में काम किया है। साथ ही उन्होंने टीवी शोज में भी एक्टिंग की है जैसे ‘किस देश में है मेरा दिल’, ‘मिसेज कौशिक की पांच बहुएं’, आदि।