जयपुर
यूक्रेन से राजस्थानियों के घर वापसी अभियान में लगे सीएम गहलोत ने नायक फिल्म के अनिल कपूर की तरह यूक्रेन से लौट रहे एक प्रवासी राजस्थानी अजय सिंह से बात कर सभी को चौंका दिया।सीएम अशोक गहलोत ने रविवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर यूक्रेन में विपरीत परिस्थितियों का सामना कर रोमानिया के रास्ते वापस आ रहे अजय सिंह से फोन पर बात की है। प्रवासी राजस्थानी अजय सिंह से सीएम बोले- मैं अशोक गहलोत बोल रहा हूं। सीएम के अचानक आए फोन से अजय सिंह हड़बड़ा गए। बातचीत के दौरान सीएम गहलोत ने अजय सिंह से यूक्रेन के हालातों की जानकारी ली। बातचीत के दौरान सीएम ने अजय सिंह को बताया कि स्वदेश पहुंचने पर सभी राजस्थानियों उनके घर तक पहुंचाने की निशुल्क व्यवस्था की गई है। राजस्थान फाउंडेशन यूक्रेन में फंसे राजस्थानियों से लगातार संपर्क में है। किसी प्रकार की चिंता ना करें।
गहलोत सरकार उठा रही है यात्रा का पूरा खर्चा
उल्लेखनीय है कि सीएम अशोक गहलोत के प्रयासों से रविवार को राजस्थान की 8 छात्राएं राजधानी जयपुर सकुशल लौट आई है। ये सभी छात्राएं 10.30 की फ्लाइट से मुंबई से जयपुर पहुंचीं। जयपुर एयरपोर्ट पर महिला एवं बाल विका मंत्री ममता भूपेश ने रिसीव किया। ममता भूपेश ने छात्राओं से कुशलक्षेम पूछी। सभी छात्राओं ने सकुशल लौटने पर गहलोत सरकार के प्रयासों की सराहना की। सभी छात्राओं ने यूक्रेन की युद्धग्रस्त परिस्थितियों में राजस्थान के स्टूडेंट्स को सुरक्षित जयपुर लाने के लिए सीएम अशोक गहलोत को धन्यवाद दिया। सभी छात्राएं मेडिकल के विभिन्न पाठ्यक्रमों की पढ़ाई के लिए यूक्रेन गई हुई थी। सभी छात्राएं, जयपुर, भीलवाड़ा, अजमेर और कोटा की रहने वाली है। राजस्थानियों का टिकट से लेकर अन्य खर्च उठाने का ऐलान किया है। सीएम गहलोत ने राजस्थान फाउंडेशन के आयुक्त धीरज श्रीवास्तव को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए थे।