महाराजा अग्रसेन युवा समिति के चुनाव संपन्न श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। अग्रवाल समाज के युवा, मिलनसार व उत्साही व्यवसायी रवि गोटेवाला को सर्वसम्मति से महाराजा अग्रसेन युवा समिति का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। सामाजिक व धार्मिक आयोजनों में अग्रणी रहने वाले रवि गोटेवाला के अध्यक्ष चुने जाने पर अग्रवाल समाज के युवाओं तथा वरिष्ठ सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। समिति के वर्तमान अध्यक्ष संदीप शेरेवाला ने बताया कि शनिवार को हुई बैठक में समिति के वर्ष 2022 के लिए चुनाव हुए। अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किये जाने पर समिति के सभी सदस्यों ने रवि गोटेवाला का उत्साह के साथ माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस चुनाव से पूर्व शेरेवाला ने अपने कार्यकाल में करवाई गई समिति की गतिविधियों से सभी को अवगत करवाया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रवि गोटेवाला ने इस अवसर पर कहा कि वे सभी सदस्यों को साथ लेकर अग्रवाल समाज की एकजुटता तथा महाराजा अग्रसेन के सैद्धांतिक मार्ग का अनुसरण करते हुए समाजसेवा के क्षेत्र में महाराजा अग्रसेन युवा समिति को अग्रणी बनाने का प्रयास करेंगे। ज्ञातव्य है कि रवि गोटेवाला की अग्रवाल समाज के साथ ही शहर के सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक क्षेत्र में अलग ही पहचान व सम्मान है।