जोधपुर
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI महिलाओं के जरिए लगातार भारतीय लोगों को फंसाने की कोशिश कर रही है। जोधपुर में पंद्रह दिन पहले जासूसी करते पकड़े गए मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस(MES) के कर्मचारी के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। इस कर्मचारी को पाकिस्तान की जिस महिला एजेंट ने जाल में फंसाया था, उसी महिला एजेंट ने ओडिशा के बालासोर में भी दो लोगों को हनीट्रैप का शिकार बनाया था।
ओडिशा का बालासोर भारतीय मिसाइलों का मुख्य परीक्षण स्थल है। देश में विकसित सभी मिसाइलों का यहां पर ही परीक्षण होता आया है। हाल ही में वहां ठेके पर कार्यरत एक कर्मचारी को जासूसी के मामले में पकड़ा गया। उससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर चार और को भी पकड़ा गया। इस दौरान राजस्थान में भी एक जासूस अलग से पकड़ा गया।
राजस्थान की क्राइम ब्रांच ने ओडिशा की क्राइम ब्रांच पुलिस से संपर्क साधकर दोनों मामलों के तार जोड़ने का प्रयास किया। इसमें चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। ओडिशा में और जोधपुर में जासूसी करते पकड़े गए 3 लोगों को पाकिस्तान में बैठी आईएसआई की एक ही महिला एजेंट ने अपनी खूबसूरती के जाल में फंसाया था। जो तीनों से अश्लील चैटिंग करती थी।