Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान में बारिश का दौर जारी:भरतपुर, धौलपुर और दौसा में तेज बारिश, महावीर जी के गांवों में भरा पानी; करौली की बरसाती नदी में बोलेरो फंसी, ग्रामीणों ने 4 को बचाया

जयपुर

मानसून सक्रिय होने के साथ पूर्वी राजस्थान में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया। भरतपुर, करौली, दौसा, अलवर, चूरू सहित कई जगह तेज बारिश हुई। करौली के श्री महावीर जी क्षेत्र में तो करीब एक फुट (10.55 इंच) पानी बरसा। बारिश से किसानों और उमस से परेशान हो रहे लोगों को राहत मिली। हालांकि कुछ गांवों में तेज बारिश से जलभराव हो गया, जिससे ग्रामीण रातभर परेशान रहे। करौली के मासलपुर में बरसाती नदी में पानी के तेज बहाव में एक बोलेरो बह गई। इसमें सवार 4 लोगों को ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद बचाया।

हिंडौन के चादन गांव में भरा पानी।

हिंडौन के चादन गांव में भरा पानी।

मौसम विभाग और जल संसाधन विभाग के अनुसार 5 जगहों पर आज 100 मिमी या उससे ज्यादा बारिश हुई। अलवर के नीमराणा 99 मिमी, चूरू के राजगढ़ में 135 मिमी, दौसा के महुवा में 104 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं जलसंसाधन विभाग ने भरतपुर के उच्चैन 114 मिमी और सबसे ज्यादा करौली का श्रीमहावीर जी में 268 मिमी बारिश दर्ज की। करौली के महावीर जी, मासलपुर, हिंडौन में भारी के कारण कई गांवों में पानी भर गया। लोग रात भर परेशान रहे। सुबह तक लोग पानी निकालने का प्रयास करते रहे। इधर चूरू, हनुमानगढ़, सवाई माधोपुर, धौलपुर और जयपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई।

बरसाती नदी में बही बोलेरो

करौली के मासलपुर कस्बे से 9 किलोमीटर दूर बरसाती नदी में देर रात तेज बारिश से पानी का लेवल बढ़ गया। वहां से गुजर रही एक बोलेराे पानी में फंस गई। बोलेरो में सवार 4 लोगों को ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से निकाला। बोलेराे कुछ देर बाद पानी में बह कर करीब 300 मीटर दूर चली गई। गाड़ी को निकालने के लिए राहत-बचाव दल सुबह मौके पर पहुंचा, लेकिन नदी में पानी ज्यादा होने के कारण टीम भी बोलेरो को नहीं निकाल सकी।

हिंडौन के बाजार में भरा पानी।

हिंडौन के बाजार में भरा पानी।

आगे क्या?

मौसम विभाग जयपुर के मुताबिक आज नागौर, सीकर और भरतपुर क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां आज भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा झुंझुनूं, जयपुर, टोंक, भीलवाड़ा, कोटा, झालावाड़, बारां और चूरू में भी तेज बारिश हो सकती है। विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *