सवाई माधोपुर
जयपुर के आमागढ़ किले को लेकर पिछले दिनों भगवा झंडा हटाकर सुर्खियों में आए गंगापुर सिटी के MLA रामकेश मीना फिर चर्चा में हैं। उन्होंने शुक्रवार को फेसबुक लाइव के माध्यम से मीना समाज के युवाओं व पंच पटेलों को आह्वान किया है कि वे एक अगस्त को जयपुर पहुंचे वहां सभा होगी। इसके बाद वे लोग आमागढ़ जाएंगे। मीना कह रहे हैं कि वे जयपुर में गांधी नगर सर्किल से होते हुए सिविल लाइन्स फाटक पर पहुंच कर सभा करेंगे। वे खुली चुनौती देते हुए कह रहे हैं कि एक अगस्त को आमागढ़ में जिसने भी भगवा झंडा फहराया वो कितना मजा चखकर जाएगा इसका अंदाजा किसी को नहीं है।
डॉ. किरोड़ी की बताई मजबूरी
गंगापुर सिटी विधायक ने डॉ. किरोड़ीलाल पर चुटकी लेते हुए कहा कि डॉ. किरोड़ीलाल समाज के सम्माननीय नेता हैं। वे समझते हैं कि उनकी क्या मजबूरी है, जो वो संसद छोड़कर आमागढ़ मामले में सामने आएं। केवल उनको सुनना है। काम वो ही करना है, जो समाज के हित में हो। युवाओं को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। विधायक ने RSS पर तंज कसते हुए कहा कि हम इनकी चाल सफल नहीं होने देंगे। बता दें कि किरोड़ी लाल ने इस मामले में रामकेश मीना की गिरफ्तारी की मांग की थी।
विवादों से पुराना रिश्ता
1. विधायक रामकेश मीणा का विवादों से पुराना रिश्ता रहा है। इससे पहले जयपुर में आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन के दौरान रामकेश मीणा ने कहा था कि आदिवासियों के लिए अलग से धर्म कोड होना चाहिए। इसी धर्म कोड के अनुसार आदिवासियों की जनगणना भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा था कि चाहे मीणा हो, चाहे गरासिया, ये हिंदुओं में शामिल नहीं हैं। इनका धर्म हिंदू नहीं है।
2. रामकेश मीणा पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट को बाहरी बता चुके हैं। इसी के साथ वह पायलट पर जातिवाद का आरोप भी लगा चुके हैं।
3. रामकेश मीणा तिरंगे के कलर वाला केक काटकर भी विवादों में रह चुके हैं।
यह है मामला
हाल ही में आमागढ़ किले से भगवा ध्वज निकालकर फाड़ने और उसके अनादर का एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में MLA मीणा भी दिख रहे हैं। इस पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने ट्रांसपोर्ट नगर थाने में धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में 22 जुलाई को 40-50 लोगों के खिलाफ FIR कराई थी। विधायक की गिरफ्तारी की मांग भी की गई थी। उधर, मीणा समाज ने भी ट्रांसपोर्ट नगर थाने में FIR कराई थी। डॉ. किरोडी लाल मीणा ने विधायक रामकेश मीणा की गिरफ्तारी की मांग की थी। वहीं शुक्रवार को मामले में विधायक हिंदू संगठनों को आमागढ़ आकर भगवा ध्वज लगाने के लिए फेसबुक लाइव करके चुनौती देते दिखे व समाज के युवाओं से एक अगस्त को आमागढ़ आने का आह्वान किया।