जयपुर
राजस्थान में मकान और प्लाॅट खरीदने वालों के लिए खुशखबरी है। राज्य में मकान और प्लाॅट खरीदना सस्ता हो गया है। सीएम अशोक गहलोत ने स्टांप ड्यूटी में एक फीसदी की छूट प्रदान की है। इसका लाभ आमजन को मिलेगा। सीएम गहलोत ने बजट घोषणा में स्टांप ड्यूटी में छूट प्रदान करने की घोषणा की है। यदि किसी तरह की संपती अगर आप अपने घर के बुजुर्ग के नाम खरीदते हो तो उस पर भी स्टांप के अलावा रजिस्ट्री फीस में भी राहत दी है।
स्टांप ड्यूटी में 1 फीसदी छूट मिलेगी
सीएम गहलोत ने स्टांप ड्यूटी को लेकर बजट में कई घोषणाएं की है। गहलोत सरकार ने बेटी-बहू के नाम पर संपती की गिफ्ट डीड करने पर लगने वाली स्टांप ड्यूटी को समाप्त कर दिया है। वर्तमान में इस मामले में स्टांप ड्यूटी 1 फीसदी अधिकतम 1 लाख रुपये ली जाती थी। 100 वर्गगज तक के भूखंड या बने हुए मकान की खरीद पर लोगों को अब स्टांप ड्यूटी में एक फीसदी की छूट मिलेगी। गहलोत सरकार ने स्टांप ड्यूटी के अलावा रजिस्ट्री फीस में भी राहत प्रदान की है। गहलोत सरकार के नए फैसले के बाद 100 वर्ग गज तक के प्लाॅट जिसकी कीमत 10 लाख रुपये है। उस पर स्टांप और सरचार्ज के पेटे 65 हजार रुपये ही लगेंगे यानी 13 हजार रुपये का लाभ मिलेगा। इसी तरह अगर ये भूखंड 60 साल या उससे ज्यादा एजग्रुप के व्यक्ति के लिए खरीदा जाता है तो इस भूखंड की खरीद पर लगने वाले पंजीयन फीस जो 1 फीसदी लगती है वह आधी देनी पड़ेगी। यानी 1 हजार रुपये की जगह 500 रुपये पंजीयन फीस देनी पड़ेगी।